- यह एप्पल का सबसे महंगा फोन, दुनिया का नहीं.
Apple ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने iPhone Duo को iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ पेश किया है. फोल्डेबल iPhone को लेकर लंबे समय से चर्चा थी, लेकिन लॉन्च के बाद अब सबसे ज्यादा बात इसके फीचर्स से ज्यादा इसकी कीमत को लेकर हो रही है. भारत में iPhone Duo की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है. iPhone Duo खरीदने के लिए आपको एक महंगी कार या किसी बड़े निवेश जितनी रकम खर्च करनी पड़ सकती है.
कई लोगों के लिए यह रकम पूरे साल की कमाई या सालभर के पैकेज के बराबर हो सकती है. ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर एक स्मार्टफोन पर इतने पैसे खर्च करना कितना सही है. खासकर जब iPhone Duo के टॉप वेरिएंट की कीमत 4,49,900 रुपये तक पहुंच जाती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि 3 लाख वाला iPhone Duo खरीदना कितना सही है और क्या यह दुनिया का सबसे महंगा फोन है.
iPhone Duo की कीमत कितनी है?
भारत में iPhone Duo चार स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च हुआ है. इसके 256GB मॉडल की कीमत 2,99,900 रुपये है. 512GB के लिए 3,24,900 रुपये, 1TB मॉडल के लिए 3,74,900 रुपये और 2TB वेरिएंट के लिए 4,49,900 रुपये देने होंगे. फोन स्टार व्हाइट और नाइट स्काई दो कलर ऑप्शन में उपलब्ध है. अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत 1,999 डॉलर यानी करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है. इस हिसाब से भारत में बेस मॉडल के लिए अमेरिकी कीमत की तुलना में करीब 1.09 लाख रुपये ज्यादा चुकाने पड़ते हैं.
3 लाख वाला iPhone Duo खरीदना कितना सही है?
3 लाख रुपये वाला iPhone Duo खरीदना उन लोगों के लिए ही सही कहा जा सकता है जिन्हें फोल्डेबल डिजाइन, बड़ी इनर डिस्प्ले और Apple के नए फीचर्स की खास जरूरत है. अगर आपकी प्रिफरेंस सामान्य फोन, कैमरा, सोशल मीडिया और रोजमर्रा के काम तक सीमित है, तो इतनी रकम खर्च करने जरूरी नहीं है, लेकिन अगर आप Apple के पहले फोल्डेबल एक्सपीरियंस के लिए प्रीमियम कीमत देने को तैयार हैं, तो iPhone Duo अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
यह भी पढ़ें – iPhone 18 Pro में ये 10 बड़े बदलाव, पुराने मॉडल से कितना एडवांस्ड?
क्या है iPhone Duo में खास?
iPhone Duo Apple का पहला फोल्डेबल iPhone है. फोल्ड होने पर इसमें 5.4 इंच की Super Retina XDR आउटर डिस्प्ले मिलती है, जबकि अनफोल्ड करने पर 7.6 इंच की बड़ी स्क्रीन मिलती है. इन दोनों डिस्प्ले ProMotion, Always-On और 3,000 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती हैं. फोन में 48MP Fusion प्राइमरी और 48MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है. सेल्फी के लिए 12MP सेंसर मिलता है. फोल्डेबल डिजाइन के साथ Duo Preview और Split View मल्टीटास्किंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
क्या यह दुनिया का सबसे महंगा फोन?
iPhone Duo दुनिया का सबसे महंगा फोन नहीं है. यह Apple का अब तक का सबसे महंगा iPhone जरूर है, जिसकी भारत में शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपए और 2TB मॉडल की कीमत 4,49,900 रुपए तक है. हालांकि, दुनिया में कुछ ऐसे प्रीमियम और लग्जरी फोन भी मौजूद हैं जिनकी कीमत iPhone Duo से कहीं ज्यादा है.
यह भी पढ़ें – iPhone के साथ Apple ने और क्या फोड़ा बम? पूरी लॉन्च लिस्ट देखें



