
नकली SSD की पहचान करने का सबसे आसान तरीका उसकी कीमत पर ध्यान देना है. अगर किसी ड्राइव में कई TB स्टोरेज मिलने का दावा किया जा रहा है और उसकी कीमत असली प्रोडक्ट के मुकाबले बहुत कम है, तो सावधान हो जाएं. Samsung और SanDisk जैसे ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट पर उसी स्टोरेज वाले प्रोडक्ट की कीमत देखकर तुलना करें.

Amazon और Walmart जैसे प्लेटफॉर्म पर कई थर्ड पार्टी सेलर अपने प्रोडक्ट बेचते हैं. ऐसे में हर लिस्टिंग की ऑथेंटिकेशन की जांच करना मुश्किल होता है. खरीदने से पहले सेलर का रिकॉर्ड और उसकी विश्वसनीयता जरूर देखें.

अगर SSD खरीद चुके हैं और उसके नकली होने का शक है, तो उसकी बनावट की जांच करें. उस मॉडल के असली प्रोडक्ट से इसकी तुलना करें. खासतौर पर उस पर लिखे ब्रांड नाम, अक्षरों की प्रिंटिंग, यूज की गई सामग्री और मैन्युफैक्चरिंग क्वालिटी पर ध्यान दें. यह नकली प्रोडक्ट की पहचान करने में मदद कर सकता है.

SSD की पहचान करने के लिए सॉफ्टवेयर टूल्स की मदद भी ली जा सकती है. इनमें F3 एक फेमस टूल है, जो ज्यादातर Linux डिस्ट्रीब्यूशन पर उपलब्ध है. इसे टर्मिनल के जरिए इंस्टॉल किया जा सकता है. यह ड्राइव की असली स्टोरेज क्षमता की जांच करने में मदद करता है.

SSD की असली क्षमता जानने का एक और तरीका उसमें बताई गई पूरी स्टोरेज तक फाइलें भरकर देखना है. अगर ड्राइव की बताई गई क्षमता पूरी होने से पहले ही एरर आने लगती है, तो संभव है कि वह कम स्टोरेज वाली नकली ड्राइव हो.

कुछ नकली SSD को इस तरह प्रोग्राम किया जाता है कि वह कंप्यूटर में अपनी असली क्षमता से ज्यादा स्टोरेज दिखाती हैं. ऐसे में असली क्षमता से ज्यादा डेटा सेव करने पर फाइलें करप्ट हो सकती हैं, हालांकि यह टेस्ट सिर्फ स्टोरेज क्षमता की धोखाधड़ी पकड़ सकता है. इससे यह पता नहीं चलता कि सही क्षमता वाली ड्राइव में खराब हार्डवेयर यूज हुआ है या नहीं.
Published at : 21 Nov 2026 11:31 AM (IST)



