
Modem को इंटरनेट कनेक्शन का कम्युनिकेटर या ट्रांसलेटर कहा जा सकता है. इसका मुख्य काम आपके इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर (ISP) की सर्विस और सर्वर से कनेक्ट होना है. यह आने और जाने वाले डेटा को ट्रांसलेट करता है, जिससे इंटरनेट कनेक्शन काम कर सके. Modem आपके घर के इंटरनेट कनेक्शन को सर्विस प्रोवाइडर के नेटवर्क से जोड़ने का काम करता है.

Router का काम Modem से कनेक्शन लेकर उसे आसपास के डिवाइस तक पहुंचाना है. वायरलेस Router Wi-Fi के जरिए नेटवर्क सिग्नल ब्रॉडकास्ट करता है. इससे स्मार्टफोन, लैपटॉप और दूसरे Wi-Fi सपोर्ट वाले डिवाइस इंटरनेट यूज कर पाते हैं. वहीं वायर्ड Router की मदद से कई डिवाइस को केबल के जरिए इंटरनेट से जोड़ा जा सकता है.

इन दोनों का काम एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है, लेकिन Modem इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर से कनेक्शन स्थापित करता है, जबकि Router उस कनेक्शन को घर के अलग-अलग डिवाइस तक पहुंचाता है. अगर Router नहीं है, तो आपको Ethernet केबल लगाकर सीधे Modem से कनेक्ट करना पड़ेगा. कई डिवाइस, जैसे स्मार्टफोन में Ethernet पोर्ट नहीं होता है. ऐसे में Wi-Fi Router की जरूरत पड़ती है.

कई इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर एक ऐसा डिवाइस देते हैं, जिसमें Modem और Router दोनों मौजूद होते हैं. इसे Modem-Router Combo या इंटरनेट गेटवे कहा जाता है. इसमें दोनों डिवाइस का काम एक ही यूनिट करती है. इससे इंस्टॉलेशन और नेटवर्क मैनेज करना आसान हो जाता है.

अलग Router होने का फायदा यह है कि उसे कई दूसरे कामों में यूज किया जा सकता है. पुराने Router को Wi-Fi Extender की तरह यूज किया जा सकता है. इसके अलावा इससे अलग Guest Network बनाया जा सकता है और DNS या Ad Blocker जैसी सुविधाएं सेट की जा सकती हैं, हालांकि इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर के कुछ Combo डिवाइस में ये ऑप्शन उपलब्ध नहीं होते हैं.

ज्यादातर Combo डिवाइस में Router वाले हिस्से को बंद या बायपास किया जा सकता है. इसके बाद अपना अलग Router या Mesh Router सिस्टम लगाया जा सकता है, जिससे नेटवर्क की रेंज और परफॉर्मेंस बेहतर करने में मदद मिलती है.
Published at : 21 Nov 2026 01:02 PM (IST)



