WhatsApp Security Flaws :भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने WhatsApp और WhatsApp Business यूज करने वाले लोगों के लिए हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है. एजेंसी ने ऐप के अलग-अलग वर्जन में कई ऐसी खामियों की पहचान की है, जिनका फायदा उठाकर साइबर हमलावर दूर बैठे ही किसी डिवाइस को निशाना बना सकते हैं. इतना ही नहीं, इन खामियों के जरिए संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने और ऐप के डेटा में बदलाव करने का खतरा भी बताया गया है. यह चेतावनी Android, iOS और Mac यूजर्स के लिए जारी की गई है.
WhatsApp में मिलीं तीन सुरक्षा खामियां
WhatsApp ने नवंबर 2026 के सिक्योरिटी अपडेट में तीन कमजोरियों की जानकारी दी है. पहली खामी के कारण खास मैसेज पर क्लिक करने से फोन में सेव WhatsApp फाइलें डिलीट हो सकती थीं. वहीं दूसरी कमी Meta AI के सिक्योरिटी सिस्टम से जुड़ी थी, जिससे सुरक्षा जांच को चकमा देने का खतरा था. वहीं तीसरी खामी के जरिए खास तरह के एड मैसेज से यूजर की IP जानकारी हासिल की जा सकती थी.
WhatsApp के सिक्योरिटी सिस्टम में मिलीं बड़ी कमियां
CERT-In ने 26 नवंबर 2026 को CIVN-2026-0576 नंबर से अपनी एडवाइजरी जारी की है. इसमें Meta के WhatsApp से जुड़े कई प्रोडक्ट्स में सुरक्षा संबंधी कमियों की जानकारी दी गई है. एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों की वजह SQL Injection, सर्टिफिकेट चेन की सही जांच न होना और बाहरी विज्ञापन-रिप्लाई URL का पूरा वेरिफिकेशन नहीं होना है. इन कमजोरियों का फायदा उठाकर हमलावर किसी यूजर को खास तरह का मैसेज या URL भेज सकते हैं. अगर हमला सफल रहता है, तो डिवाइस में मौजूद संवेदनशील जानकारी हासिल करने, सुरक्षा नियमों को तोड़कर आगे बढ़ने या ऐप के डेटा के साथ छेड़छाड़ करने की आशंका है.
यह भी पढ़ें – Galaxy AI यूजर्स के लिए नया प्राइवेसी सिस्टम ला रहा Samsung, जानें डिटेल्स
किन WhatsApp यूजर्स पर है खतरा?
CERT-In की चेतावनी Android, iOS और Mac पर WhatsApp यूज करने वाले यूजर्स के लिए है. इसमें WhatsApp Business यूज करने वाले लोग भी शामिल हैं. खासतौर पर ऐप के पुराने वर्जन चलाने वाले यूजर्स को खतरा हो सकता है. ऐसे में सभी यूजर्स को अपने डिवाइस में WhatsApp अपडेट करने की सलाह दी गई है.
ऐसे सुरक्षित रख सकते हैं अपना WhatsApp अकाउंट
इस सिक्योरिटी अलर्ट के बाद CERT-In और WhatsApp दोनों ने यूजर्स को ऐप अपडेट करने की सलाह दी है. Android यूजर्स Google Play Store और iPhone यूजर्स Apple App Store पर जाकर WhatsApp का लेटेस्ट अपडेट चेक कर सकते हैं. वहीं Mac पर WhatsApp Desktop चलाने वाले लोगों को भी उपलब्ध नया अपडेट इंस्टॉल करना चाहिए. एजेंसी ने यूजर्स के साथ-साथ संगठनों को भी अपने सभी प्रभावित डिवाइस पर जरूरी अपडेट करने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें – X Post Scheduling Feature : X यूजर्स अब 18 महीने पहले शेड्यूल कर सकेंगे पोस्ट, आया नया फीचर
