Viral Video Revenue: सोशल मीडिया के एल्गोरिदम कब किस कंटेंट को वायरल कर दें इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. इन दिनों इंटरनेट पर देसी बैटमैन का वीडियो काफी वायरल हो रहा है. बेंगलुरु के डिजिटल क्रिएटर सुजल जैसवार ने हॉलीवुड के इस सुपरहीरो को भारत के गांव में भैंस की सवारी करते और देसी जोकर से भिड़ते दिखाया है. बैकग्राउंड में बजते 90 के दशक के हिंदी गानों ने इस सीरीज को और मजेदार बना दिया है.
इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर इन वीडियोज को अब तक 15 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों व्यूज बटोरने वाले ऐसे वायरल कंटेंट से आखिर कमाई कितनी होती है. सोशल मीडिया कंपनियां व्यूज के बदले कैसे पैसे देती हैं? कैसे काम करता है कमाई का यह माॅडल चलिए आपको बताते हैं देसी बैटमैन का पूरा गणित.
इन चीजों से घटाया प्रोडक्शन खर्च
इस वायरल सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसकी मेकिंग टेक्नोलॉजी है. आमतौर पर किसी सुपरहीरो वीडियो में विजुअल इफेक्ट्स और सीजीआई का इस्तेमाल करने पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च होते हैं. लेकिन IIM रांची से पढ़े सुजल जैसवार ने जनरेटिव एआई टूल्स और स्मार्ट एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से इस खर्च को बेहद कम कर दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देसी बैटमैन के एक एपिसोड को तैयार करने में महज 2500 से 5000 रुपये तक का खर्च आया है.
उन्होंने नार्मल कैमरे से की गई लाइव शूटिंग में मार्डन एआई की मदद से एकदम सिनेमैटिक आउटपुट तैयार किया. इस किफायती टेक जुगाड़ ने उन्हें कुछ ही हफ्तों में 150 मिलियन से ज्यादा व्यूज और इंस्टाग्राम पर साढ़े सात लाख के करीब फॉलोअर्स दिला दिए. यह दिखाता है कि एआई ने अब हाई-एंड वीडियो प्रोडक्शन को आम क्रिएटर्स की पहुंच में ला दिया है.
इंस्टाग्राम और यूट्यूब के मोनेटाइजेशन मॉडल का फर्क
अक्सर यूजर्स को लगता है कि किसी रील पर 15 करोड़ व्यूज आने का मतलब क्रिएटर के खाते में सीधे लाखों रुपये आना है. लेकिन टेक प्लेटफॉर्म्स का मोनेटाइजेशन मॉडल इससे अलग काम करता है. भारत में इंस्टाग्राम रील्स पर व्यूज के बदले कंपनी की तरफ से कोई डायरेक्ट एड रेवेन्यू शेयर नहीं मिलता है. यानी सिर्फ व्यूज से इंस्टाग्राम पर एक रुपया भी नहीं बनता.
दूसरी तरफ यूट्यूब शॉर्ट्स पर ऐड के जरिए कमाई होती है, लेकिन भारत में RPM यानी प्रति हजार व्यूज पर मिलने वाली रकम काफी कम है. यहां शॉर्ट्स पर हर 10 लाख व्यूज पर औसतन 800 से 2500 रुपये तक ही मिलते हैं. इस हिसाब से अगर कोई सीरीज यूट्यूब पर भी 10 करोड़ व्यूज पार कर ले तो क्रिएटर को सिर्फ प्लेटफॉर्म व्यूज से करीब एक से दो लाख रुपये तक की कमाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Google Chrome पर कैसे बदलें बैकग्राउंड थीम, जान लीजिए प्रोसेस?
ब्रांड कोलैबोरेशन और एआई वर्कशॉप से असली कमाई
डिजिटल क्रिएटर्स की असली कमाई प्लेटफॉर्म के पेआउट से नहीं. बल्कि ब्रांड स्पॉन्सरशिप और डेटा एनालिटिक्स से होती है. जब किसी क्रिएटर का इंगेजमेंट रेट और रीच करोड़ों में पहुंच जाती है तो टेक और कंज्यूमर ब्रांड्स प्रमोशन के लिए उससे जुड़ते हैं. देसी बैटमैन की पाॅपुलेरिटी को देखते हुए हाल ही में इलेक्ट्रिक बाइक कंपनी ई-मोटोरैड ने भी सुजल के साथ कोलैबोरेशन किया है.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक साढ़े सात लाख फॉलोअर्स और करोड़ों व्यूज वाले क्रिएटर एक स्पॉन्सर्ड रील के लिए आसानी से 1.5 से 4 लाख रुपये तक चार्ज करते हैं. इसके अलावा सुजल AI फिल्ममेकिंग वर्कशॉप और कमर्शियल एड प्रोजेक्ट्स के जरिए भी मोटी कमाई कर रहे हैं. यानी 5 हजार रुपये के शुरुआती टेक इन्वेस्टमेंट से शुरू हुआ यह आइडिया अब लाखों के रेवेन्यू मॉडल में बदल चुका है.
यह भी पढ़ें: Realme 17 Ultra : Realme की नंबर सीरीज में पहली बार आ सकता है Ultra फोन, लीक हुई डिटेल्स
