
गीजर चालू करने पर बिजली ट्रिप होती है, तो सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि MCB बंद हुई है या RCCB. घर के इलेक्ट्रिकल बोर्ड में दोनों अलग-अलग तरह से सुरक्षा देते हैं. MCB ओवरलोड और शॉर्ट सर्किट से बचाती है, जबकि RCCB बिजली के करंट का अर्थिंग की तरफ रिसाव होने पर सप्लाई काट देती है. इससे बिजली का झटका लगने का खतरा कम होता है. RCCB पर आमतौर पर टेस्ट के लिए T बटन भी दिया होता है.

अगर गीजर चलाते ही RCCB बार-बार बंद हो रही है, तो इसकी वजह बिजली का रिसाव हो सकता है. पानी में मौजूद नमक और दूसरी इंप्योरिटीज से हीटिंग एलिमेंट पर लेयर जम सकती है. समय के साथ एलिमेंट की बाहरी परत खराब होने से करंट पानी या टैंक तक पहुंच सकता है. इसके अलावा पाइप से पानी टपकना, नमी पहुंचना और पुराने तारों की इंसुलेशन खराब होना भी इसकी वजह बन सकता है. अगर गीजर कुछ मिनट चलने के बाद ट्रिप होता है, तो हीटिंग एलिमेंट में खराबी की आशंका हो सकती है.

MCB ट्रिप होने का मतलब है कि सर्किट पर उसकी क्षमता से ज्यादा बिजली का लोड पड़ रहा है. जैसे 2,000 वॉट का गीजर करीब 9 एम्पीयर और 3,000 वॉट का गीजर लगभग 13 एम्पीयर करंट लेता है. ऐसे में सही क्षमता वाला MCB और 16A सॉकेट जरूरी है. अगर उसी सर्किट पर गीजर के साथ रूम हीटर या वॉशिंग मशीन भी चल रही है, तो ओवरलोड हो सकता है. वहीं तुरंत बिजली बंद होना शॉर्ट सर्किट का संकेत हो सकता है.

2 किलोवॉट का गीजर रोजाना एक घंटे चलाने पर महीने में करीब 60 यूनिट बिजली खर्च करता है, लेकिन हीटिंग एलिमेंट पर स्केल जमने से पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगता है. इससे बिजली की खपत 20-25 फीसदी तक बढ़ सकती है और हर महीने 80-100 रुपये अतिरिक्त खर्च हो सकते हैं. खराब थर्मोस्टेट भी पानी गर्म होने के बाद गीजर बंद नहीं करता है, जिससे बिजली बर्बाद होती है.

गीजर में खराबी आने पर उसे नजरअंदाज करना जेब पर भारी पड़ सकता है. ज्यादातर ब्रांड के हीटिंग एलिमेंट की कीमत करीब 400 से 1,500 रुपये होती है. थर्मोस्टेट बदलवाने का खर्च भी लगभग इसी दायरे में हो सकता है. इसके मुकाबले नया स्टोरेज गीजर खरीदने के लिए 5,000 से 15,000 रुपये या उससे ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं. अगर आपका गीजर वारंटी में है, तो रिपेयर कराने से पहले वारंटी कार्ड जरूर देखें.

गीजर की सही देखभाल के लिए इसका तापमान 50-55 डिग्री सेल्सियस पर रखें. हार्ड वाटर वाले इलाकों में साल में एक बार एलिमेंट की सफाई कराएं. साथ ही पानी गर्म होने के बाद गीजर बंद कर दें और जरूरत के हिसाब से टाइमर का यूज कर सकते हैं. नया गीजर लेते समय 5-स्टार रेटिंग वाला मॉडल चुनें.
Published at : 27 Nov 2026 08:42 AM (IST)