Home Appliances Price Hike: त्योहारों का सीजन खत्म होते ही अब आम आदमी की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ने वाली है. अगर आप अपने घर के लिए नया स्मार्ट टीवी, फ्रिज या एसी खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो अब आपको पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. दिवाली के बाद अब इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज बनाने वाली बड़ी कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाने की तैयारी कर ली है.
दरअसल पिछले कुछ समय से कंपनियों पर कच्चे माल, जरूरी चिप्स और सामान की ढुलाई का खर्च काफी बढ़ गया था जिसे त्योहारों की बिक्री के चलते रोका गया था. लेकिन अब कंपनियों का मुनाफा घटने लगा है जिसकी भरपाई करने के लिए वे बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालने जा रही हैं. जान लें कौनसे कौन-कौन से सामान कितने महंगे होने वाले हैं.
टीवी, फ्रिज और एसी कितने महंगे हो जाएंगे?
कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर लगभग हर बड़े घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर देखने को मिलेगा. होम अप्लायंस बनाने वाली प्रमुख कंपनियां जैसे हायर और गोदरेज ने अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में 7 प्रतिशत तक का इजाफा किया है. वहीं स्मार्ट टीवी की बात करें तो शाओमी ने भी अपने टीवी मॉडल्स के दाम 7 प्रतिशत तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया है.
अगर इस साल की शुरुआत से अब तक हुई कुल बढ़ोतरी को मिलाकर देखें तो टीवी की कीमतें कुल मिलाकर 20 प्रतिशत से ज्यादा और फ्रिज औल एसी जैसे घरेलू उपकरणों के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक ऊपर जा सकते हैं. यानी अगर आप कोई 30000 रुपये का फ्रिज या एसी लेने की सोच रहे हैं तो आपको 2000 से 4500 रुपये तक एक्सट्रा चुकाने पड़ सकते हैं.

क्यों बढ़ रहे हैं इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के दाम?
अब सवाल यह उठता है कि अचानक ये कंपनियां दाम बढ़ाने के लिए मजबूर क्यों हुई हैं. इसके पीछे दो सबसे बड़े कारण हैं, पहला कच्चे माल की महंगाई और दूसरा चिप्स की कमी. हायर इंडिया के सीईओ सतीश एनएस का कहना है कि तांबा, एल्युमीनियम और स्टील जैसे कच्चे माल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं. जिससे कंपनियों के लिए अपना मार्जिन बचाना मुश्किल हो गया है.
इसके अलावा एक जगह से दूसरी जगह सामान ले जाने यानी फ्रेट कॉस्ट में भी भारी बढ़ोतरी हुई है. वहीं स्मार्ट टीवी और गैजेट्स के महंगे होने की एक बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी है. दरअसल दुनिया भर में एआई डेटा सेंटर बनने की वजह से मेमोरी चिप्स की डिमांड बहुत बढ़ गई है और सप्लाई कम पड़ रही है जिससे चिप्स महंगे हो गए हैं.

यह भी पढ़ें: Phone Expiry Date: मोबाइल फोन की एक्सपायरी डेट कब आ जाती है, कब बदलना सही?
स्मार्टफोन और टैबलेट खरीदने वालों को भी लगा झटका
सिर्फ टीवी, फ्रिज और एसी के ही दाम नहीं बढ़ने वाले है बल्कि स्मार्टफोन और टैबलेट मार्केट में भी इसका बड़ा असर दिख रहा है. सैमसंग और शाओमी जैसी टेक कंपनियों ने हाल ही में अपने स्मार्टफोन और टैबलेट की कीमतों में 18 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी की है. इस ताजा इजाफे के बाद इस साल स्मार्टफोन कुल मिलाकर 40 प्रतिशत से ज्यादा महंगे हो चुके हैं.
इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि प्रोसेसर, डिस्प्ले पैनल और मेमोरी चिप्स की कीमतें कम होने के फिलहाल कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में अगर आप आने वाले महीनों में नया टीवी, फ्रिज, एसी या स्मार्टफोन खरीदने का मन बना रहे हैं तो पुराना स्टॉक खत्म होने से पहले खरीदारी करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Robots Sewing Clothes: सिलाई-कढ़ाई में इतने परफेक्ट हुए चीन के रोबोट, दर्जी भी शर्मा जाए



