
जब भी आप फ्रिज का दरवाजा खोलते हैं तो अंदर की जमा हुई ठंडी हवा तेजी से बाहर निकल जाती है और कमरे की गर्म हवा अंदर घुस जाती है. फ्रिज के अंदर का तापमान अचानक बढ़ने से उसके सेंसर तुरंत एक्टिव हो जाते हैं. इसके बाद अंदर के तापमान को वापस सामान्य स्तर पर लाने के लिए कंप्रेसर को दोगुनी ताकत के साथ दोबारा काम शुरू करना पड़ता है.

एक सामान्य 250 से 300 लीटर का फ्रिज रोजाना औसतन 1 से 1.5 यूनिट बिजली की खपत करता है. लेकिन अगर दिन भर में फ्रिज का दरवाजा 20 से 30 बार बेवजह खोला जाए तो कंप्रेसर का रनिंग टाइम काफी बढ़ जाता है. इससे फ्रिज की रोजाना बिजली खपत में करीब 15 से 25 प्रतिशत तक का सीधा इजाफा हो सकता है जिसका असर सीधे आपके मीटर पर दिखता है.

अगर इस बढ़े हुए खर्च को महीने के हिसाब से जोड़ें तो हर महीने आपके बिजली बिल में करीब 10 से 15 यूनिट की एक्सट्रा बढ़ोतरी हो जाती है. अगर आपके शहर में बिजली की रेट 7 से 8 रुपये प्रति यूनिट है तो सिर्फ फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलने की वजह से आपको हर महीने 100 से 150 रुपये तक ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं.

अगर फ्रिज का दरवाजा कुछ सेकंड के बजाय एक या दो मिनट तक खुला छोड़ दिया जाता है. कई लोग पानी की बोतल निकालते समय या सब्जी ढूंढते वक्त दरवाजा खुला रखकर सोचने लगते हैं. इतनी देर में फ्रिज की लगभग 40 से 50 प्रतिशत कूलिंग खत्म हो जाती है और कंप्रेसर को उसे फिर से ठंडा करने में आधा घंटा लग जाता है.

बार-बार दरवाजा खोलने से सिर्फ बिजली का बिल ही नहीं बढ़ता बल्कि फ्रिज की सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है. कंप्रेसर को बार-बार ऑन और ऑफ होने से उस पर एक्सट्रा दबाव पड़ता है जिससे उसकी उम्र कम होने लगती है. इसके अलावा लगातार गर्म हवा अंदर जाने से फ्रीजर में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमने लगती है जो कूलिंग को और भी धीमा कर देती है.

अक्सर लोग फ्रिज के दरवाजे पर लगी रबर गैस्केट पर ध्यान नहीं देते लेकिन बार-बार दरवाजा खोलने और जोर से बंद करने से यह रबर ढीली पड़ जाती है. एक बार रबर खराब हो जाए तो दरवाजा बंद होने के बाद भी अंदर की ठंडी हवा धीरे-धीरे बाहर रिसती रहती है. ऐसे में फ्रिज का कंप्रेसर बिना रुके लगातार चलता रहता है और बिजली का बिल आसमान छूने लगता है.

बिजली की इस फिजूलखर्ची को रोकने के लिए सबसे पहले घर के सदस्यों को फ्रिज खोलने से पहले यह तय करने की आदत डालनी चाहिए कि उन्हें क्या निकालना है. एक ही बार में सारी जरूरी चीजें बाहर निकाल लें और तुरंत दरवाजा बंद कर दें. तो साथ ही पानी की बोतलों को फ्रिज के दरवाजे के रैक में रखने के बजाय अंदर की शेल्फ में रखें जिससे वे जल्दी ठंडी रहें.

इसके अलावा महीने में एक बार फ्रिज के दरवाजे की रबर को गुनगुने पानी से साफ जरूर करें और कागज का एक टुकड़ा दरवाजे में फंसाकर चेक करें कि ग्रिप मजबूत है या नहीं. अगर कागज आसानी से बाहर खिंच आता है, तो समझ लें कि रबर बदलने का समय आ गया है. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप हर साल हजारों रुपये की बिजली आसानी से बचा सकते हैं.
Published at : 15 Nov 2026 04:24 PM (IST)
Tags :



