Monday, November 9, 2026
spot_img
HomeTechnologyAir Purifier Technology: एयर प्यूरीफायर कैसे काम करते हैं? जानें इसकी टेक्नोलॉजी

Air Purifier Technology: एयर प्यूरीफायर कैसे काम करते हैं? जानें इसकी टेक्नोलॉजी

Air Purifier Technology: दिवाली की रात देश में खूब आतिशबाजी हुई कई शहरों में पहले से ही खराब हवा और खराब हो गई है. इन दिनों बाहर की हवा तो खराब होती ही है लेकिन आपको बता दें घर के अंदर की हवा भी बाहर जितनी ही जहरीली हो सकती है. यही वजह कि आज के दौर में एयर प्यूरीफायर हर घर के लिए जरूरी हो जाता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोने में रखा यह छोटा सा बॉक्स आखिर हवा में घुले उन बारीक कणों को कैसे पकड़ लेता है. 

जो हमें अपनी आंखों से दिखाई भी नहीं देते. कई लोगों को लगता है कि इसके अंदर कोई केमिकल या लिक्विड होता है जो हवा को धोता है. चलिए आपको बताते हैं कि एयर प्यूरीफायर के अंदर ऐसी कौन सी टेक्नोलॉजी लगी होती है जो आपके कमरे की हवा को एकदम फ्रेश बना देती है.

पंखे और प्री-फिल्टर से होती है हवा की सफाई

एयर प्यूरीफायर के काम करने का तरीका बहुत ही सीधा है. जब आप इसे ऑन करते हैं तो इसके अंदर लगा एक पावरफुल पंखा कमरे की गंदी हवा को अपनी तरफ खींचता है. जैसे ही हवा मशीन के अंदर जाती है उसका सबसे पहला सामना प्री-फिल्टर से होता है. इसे आप चाय छानने वाली पहली छलनी की तरह समझ सकते हैं. हमारे घरों में झाड़ू-पोछे के दौरान उड़ने वाली मोटी धूल, कपड़ों के रेशे, सिर के बाल और अगर घर में कुत्ता या बिल्ली है तो उनके फर हवा में तैरते रहते हैं. 

प्री-फिल्टर इन सभी बड़े कणों को वहीं रोक लेता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि मशीन के अंदर लगे महंगे और मेन फिल्टर्स जल्दी चोक और खराब नहीं होते. ज्यादातर एयर प्यूरीफायर में यह प्री-फिल्टर एक बारीक जाली जैसा होता है जिसे आप महीने में एक-दो बार निकालकर नॉर्मल पानी से धोकर या ब्रश से साफ करके वापस लगा सकते हैं.

Air Purifier Technology: एयर प्यूरीफायर कैसे काम करते हैं? जानें इसकी टेक्नोलॉजी           

HEPA फिल्टर: PM 2.5 और बारीक कणों को हटाता है

प्री-फिल्टर से गुजरने के बाद हवा पहुंचती है एयर प्यूरीफायर के सबसे अहम हिस्से HEPA यानी High Efficiency Particulate Air फिल्टर के पास. यही वह टेक्नोलॉजी है जिस पर पूरे एयर प्यूरीफायर की ताकत टिकी होती है. यह फिल्टर फाइबरग्लास के बहुत ही बारीक और घने जाल से बना होता है. जब हवा इस जाल से होकर गुजरती है, तो इसमें मौजूद PM 2.5 और PM 10 जैसे बेहद खतरनाक और सूक्ष्म कण इसमें फंस जाते हैं. 

यह कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के जरिए सीधे हमारे फेफड़ों और खून में पहुंच सकते हैं. एक असली ट्रू-हेपा फिल्टर हवा में मौजूद 0.3 माइक्रोन जितने छोटे कणों को भी 99.97 फीसदी तक साफ करने की क्षमता रखता है. धूल के अलावा यह परागकण, फंगस के स्पोर्स और हवा में तैरने वाले कई तरह के बैक्टीरिया को भी अपने जाल में कैद कर लेता है. जिससे अस्थमा और एलर्जी वाले मरीजों को राहत मिलती है.

Air Purifier Technology: एयर प्यूरीफायर कैसे काम करते हैं? जानें इसकी टेक्नोलॉजी

यह भी पढ़ें: Fridge Condenser Coil: फ्रिज के पीछे जाली क्यों लगी होती है, इसका क्या काम?

बदबू, धुएं और गैसों के लिए एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर

अब सवाल उठता है कि धूल और बैक्टीरिया तो रुक गए लेकिन किचन से आने वाली तड़के की महक, सिगरेट के धुएं या पेंट की बदबू का क्या होगा. HEPA फिल्टर बदबू या गैसों को नहीं रोक पाता इसलिए इसके ठीक बाद एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर लगाया जाता है. इसमें चारकोल यानी कोयले के छोटे-छोटे दाने होते हैं. जिनमें बहुत सारे सूक्ष्म छेद यानी Pores होते हैं. 

जैसे ही हवा इससे गुजरती है कार्बन हवा में मौजूद हानिकारक गैसों, केमिकल के धुएं और हर तरह की अजीब बदबू को स्पंज की तरह सोख लेता है. आजकल के मॉडर्न एयर प्यूरीफायर में इसके आगे UV-C लाइट या आयोनाइजर भी दिया जाता है जो बचे-कुचे वायरस और कीटाणुओं को खत्म कर देता है. इन तीन-चार चरणों से गुजरने के बाद मशीन के ऊपरी हिस्से से एकदम साफ, ताजी और सुरक्षित हवा वापस आपके कमरे में छोड़ दी जाती है और यह साइकिल लगातार चलती रहती है.

यह भी पढ़ें: AC Technoloy: नॉर्मल AC से कितना अलग होता है इन्वर्टर AC? जानें खपत और कंप्रेसर का खेल

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments