- BLDC मोटर वाले पंखे सीधे गति एडजस्ट कर बिजली बचाते हैं.
स्मार्ट फैन का यूज आज ज्यादातर घरों और ऑफिसों में होता है. ये देखने में अट्रैक्टिव होते हैं और इनमें कई फीचर्स मिलते हैं. सामान्य पंखे की स्पीड बदलने के लिए रेगुलेटर घुमाना पड़ता है, जबकि स्मार्ट फैन को रिमोट या मोबाइल ऐप से कंट्रोल किया जा सकता है. कुछ स्मार्ट फैन में ऐसी तकनीक भी होती है, जो कमरे के तापमान और नमी में बदलाव के अनुसार पंखे की स्पीड को अपने आप कम या ज्यादा कर सकती है.
इसमें टाइमर सेट करने, तय समय पर पंखा चलाने और दूसरे स्मार्ट डिवाइस के साथ जोड़कर यूज करने जैसे ऑप्शन भी मिलते हैं, लेकिन अक्सर सवाल उठता है कि स्मार्ट फैन को स्पीड कम या ज्यादा करने का सिग्नल कैसे मिलता है और वह उसी के अनुसार अपनी मोटर की स्पीड कैसे बदलता है. तो आइए जानते हैं कि सेंसर से मोटर तक स्मार्ट फैन खुद अपनी स्पीड कैसे एडजस्ट करता है.
स्मार्ट फैन खुद अपनी स्पीड कैसे एडजस्ट करता है?
कुछ स्मार्ट फैन में ऐसे सेंसर होते हैं, जो कमरे के तापमान या नमी में होने वाले बदलाव को पहचान सकते हैं. इन जानकारियों के आधार पर पंखे की स्पीड को जरूरत के मुताबिक एडजस्ट किया जा सकता है. तापमान बढ़ने पर सिस्टम पंखे की स्पीड बढ़ाने के लिए सेट किया जा सकता है. वहीं कम हवा की जरूरत होने पर इसकी स्पीड घटाई जा सकती है.
इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोलर कैसे करता है मोटर को कंट्रोल?
BLDC यानी ब्रशलेस डायरेक्ट करंट मोटर वाले पंखों में स्पीड कंट्रोल करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोलर लगा होता है. यह रिमोट, वॉल स्विच या स्मार्ट कंट्रोल पैनल से मिलने वाले निर्देशों को मोटर तक पहुंचाता है. इसके बाद कंट्रोलर इलेक्ट्रिकल पल्स को एडजस्ट करके मोटर की घूमने की स्पीड कंट्रोल करता है. पारंपरिक पंखों में रेगुलेटर वोल्टेज कम करके स्पीड घटाता है, जबकि BLDC फैन में इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोलर मोटर की स्पीड को सीधे कंट्रोल करता है. इससे स्पीड में बदलाव ज्यादा आसानी से किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें – Amazon के नए AI गैजेट्स सुनेंगे आपकी बातें, कैसे काम करती है टेक्नोलॉजी?
स्मार्ट फैन में मिलते हैं कई कंट्रोल ऑप्शन
स्मार्ट फैन को मोबाइल ऐप, रिमोट या वॉयस कमांड से कंट्रोल किया जा सकता है. कुछ मॉडल में टाइमर और शेड्यूलिंग की सुविधा भी मिलती है. इससे पंखे को तय समय पर चालू या बंद करने की सेटिंग की जा सकती है. इसके अलावा ब्रीज मोड में पंखा अलग-अलग समय पर अपनी स्पीड बदलता है. वहीं एक ही ऐप से कई स्मार्ट फैन को ग्रुप में जोड़कर उनकी स्पीड और ऑन-ऑफ सेटिंग्स एक साथ कंट्रोल की जा सकती हैं.
स्मार्ट फैन बिजली की खपत कैसे घटा सकता है?
BLDC फैन का इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम जरूरत के मुताबिक मोटर की स्पीड और बिजली की खपत को कंट्रोल करता है. BLDC फैन समान क्षमता वाले पारंपरिक फैन की तुलना में लगभग 50 से 70 प्रतिशत तक कम बिजली यूज कर सकता है, हालांकि बचत फैन के मॉडल और यूज पर निर्भर करती है.
यह भी पढ़ें – स्मार्ट डोरबेल से कैमरे तक, घर की सुरक्षा कैसे बढ़ाते हैं ये गैजेट्स?



