Home Business जनपथ मेट्रो पर लगे पोस्टरों से खुली आतंकी साजिश की परतें, लश्कर...

जनपथ मेट्रो पर लगे पोस्टरों से खुली आतंकी साजिश की परतें, लश्कर के मॉड्यूल का पर्दाफाश; दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में आतंकी साजिश रच रहे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई की है. दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु में एक साथ की गई छापेमारी में आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से सात आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो अवैध रूप से भारत में घुसकर फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के सहारे रह रहे थे.

फर्जी भारतीय पहचान के सहारे छिपे थे आतंकी

पुलिस के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क बांग्लादेश में बैठकर संचालित किया जा रहा था. मॉड्यूल का मुख्य हैंडलर शब्बीर अहमद लोन उर्फ राजा उर्फ कश्मीरी है, जो जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले का रहने वाला है और फिलहाल बांग्लादेश में छिपकर लश्कर-ए-तैयबा की गतिविधियां चला रहा था. शब्बीर पहले भी वर्ष 2007 में हथियारों और ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार हो चुका है और तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है. जांच में सामने आया कि आरोपियों को कट्टरपंथी बनाकर भारत में आतंकी नेटवर्क दोबारा खड़ा करने की साजिश रची जा रही थी.

संदिग्ध आतंकियों ने भारत के कई बड़े शहरो में की थी रैकी 

इन लोगों को देश के अहम और संवेदनशील ठिकानों की रेकी करने का काम सौंपा गया था. पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित आतंकी हमलों को टाल दिया गया. मामले की शुरुआत 8 फरवरी 2026 को तब हुई. जब जनपथ मेट्रो स्टेशन समेत दिल्ली के कई इलाकों में पाकिस्तान समर्थक और आतंकी विचारधारा वाले पोस्टर लगाए जाने की शिकायत मिली. 

पोस्टरों में मारे गए आतंकी बुरहान वानी की तस्वीरें और भड़काऊ नारे लिखे थे. जांच के दौरान सुराग कोलकाता तक पहुंचे, जहां से दो आरोपियों को पकड़ा गया. इसके बाद तमिलनाडु के तिरुप्पुर में छापेमारी कर छह और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.

दिल्ली पुलिस को मोबाइल फोन, बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिले 

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से मोबाइल फोन, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, पीओएस मशीन, बांग्लादेशी पासपोर्ट और बड़ी संख्या में आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए हैं. शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी हथियार जुटाने और नए लोगों की भर्ती की तैयारी में थे. फिलहाल जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version