Home Business ED का Winzo गेमिंग ऐप के खिलाफ बड़ा एक्शन, विदेश में रखे...

ED का Winzo गेमिंग ऐप के खिलाफ बड़ा एक्शन, विदेश में रखे 505 करोड़ रुपए फ्रीज, जानें पूरा मामला

0

ED ने बड़ा एक्शन लेते हुए Winzo गेमिंग ऐप से जुड़े 505 करोड़ रुपये विदेश में फ्रीज किए हैं. आरोप है कि ऐप पर यूजर्स को बिना बताए BOT/AI से गेम खिलाए गए और निकासी सीमित की गई. लोग समझ रहे थे कि वे असली खिलाड़ियों के साथ रियल मनी गेम खेल रहे है, जबकि कई मामलों में सामने सॉफ्टवेयर था.

ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी विंजो से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ED के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने अमेरिका और सिंगापुर में मौजूद कंपनी के विदेशी बैंक खातों में रखे करीब 55.69 मिलियन डॉलर यानी लगभग 505 करोड़ रुपये को अस्थायी रूप से अटैच यानी फ्रीज कर दिया है. ये रकम कंपनी की ओवरसीज शेल कंपनियों विंजो यूएस इंक और विंजो एसजी प्रा. लिमिटेड के नाम पर रखी गई थी.

नवंबर 2025 में की गई थी छापेमार कार्रवाई

ED के मुताबिक, इससे पहले 18 नवंबर 2025 को कंपनी के ऑफिस और डायरेक्टर के घर पर छापा मारा गया था. इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को उसकी अकाउंटिंग फर्म पर भी सर्च ऑपरेशन हुआ. जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल डेटा के आधार पर एजेंसी ने गंभीर आरोप लगाए है.

जांच एजेंसी का कहना है कि कंपनी अपने ऐप पर यूजर्स को ये बताए बिना BOT/AI/अल्गोरिदम के जरिए गेम खिला रही थी. यानी लोग समझ रहे थे कि वे असली खिलाड़ियों के साथ रियल मनी गेम खेल रहे है. जबकि कई मामलों में सामने बॉट या सॉफ्टवेयर था. इतना ही नहीं यूजर्स के वॉलेट में जमा रकम की निकासी भी सीमित या रोकी जाती थी, जिससे वे बार-बार गेम खेलने के लिए मजबूर हो.

कंपनी ने इस सिस्टम के जरिए की अवैध कमाई

ED का आरोप है कि इसी तरीके से कंपनी हर मैच पर रैक कमीशन लेती थी और धीरे-धीरे यूजर्स की जमा रकम को अपनी कमाई में बदल देती थी. एजेंसी के मुताबिक फाइनेंशियल ईयर 2021-22 से 22 अगस्त 2025 तक कंपनी ने इसी सिस्टम के जरिए करीब 3522.05 करोड़ रुपये की कथित अवैध कमाई की. इस मामले में अब तक करीब 689 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है. 

ताजा कार्रवाई के बाद कुल फ्रीज रकम करीब 1194 करोड़ रुपये पहुंच गई है. ED का ये भी कहना है कि कुछ रकम को ओवरसीज़ इन्वेस्टमेंट के नाम पर भारत से बाहर अमेरिका और सिंगापुर भेजा गया, जबकि कंपनी का रोजमर्रा का ऑपरेशन भारत से ही चल रहा था.

ED ने 23 जनवरी 2026 को बेंगलुरु की PMLA स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते है.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version