Home Business बजट के बाद PM मोदी ने किया मदर ऑफ ऑल डील्स का...

बजट के बाद PM मोदी ने किया मदर ऑफ ऑल डील्स का जिक्र- ’27 देशों संग…’

0

Union Budget 2026:  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट गरीबों, अन्नदाताओं, युवाओं और महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा. उन्होंने कहा कि इस बजट में जालंधर, लुधियाना और देश के कई अन्य शहरों को विकास के बड़े केंद्रों में बदलने पर विशेष ध्यान दिया गया है.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में यूरोपीय यूनियन (ईयू) के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से पंजाब सहित पूरे देश के निर्माताओं को अपने उत्पादों के निर्यात में बड़ा लाभ मिलेगा.

गुरु रविदास जयंती पर सभा में बोले पीएम मोदी
रविवार को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट में 17 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे गांवों, गरीबों, किसानों और युवाओं को सीधा लाभ होगा.

मोदी ने कहा, ‘यह बजट गरीबों, अन्नदाताओं, युवाओं और महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा. यह बजट गांवों को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत तथा मेक इन इंडिया पहलों को आगे बढ़ाने के लिए है.’

‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ पर पीएम मोदी का रिएक्शन आया सामने
प्रधानमंत्री ने यूरोपीय यूनियन के साथ हाल में हुए एफटीए का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया इसे ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कह रही है. उन्होंने कहा कि इस समझौते से 27 यूरोपीय देशों के साथ भारत का व्यापार और मजबूत होगा, क्योंकि वहां माल भेजने पर अब बहुत कम टैक्स देना होगा.

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब अपने मेहनती लोगों और कुशल युवाओं के लिए जाना जाता है और इस व्यापार समझौते से राज्य को भी बड़ा फायदा होगा. उन्होंने बताया कि जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में लाखों लोग कपड़ा उद्योग से जुड़े हैं, जिन्हें अब 27 देशों तक पहुंच का बड़ा बाजार मिलेगा.

‘पंजाब के कारखानों में मिलेंगे ऑर्डर’
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां बने कपड़े यूरोपीय बाजारों में बिक्री के लिए भेजे जाएंगे. इसका मतलब है कि पंजाब के कारखानों में ऑर्डर बढ़ेंगे और काम के अवसर भी बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि डिजाइन और उत्पादन के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस व्यापार समझौते से जालंधर के खेल सामग्री उद्योग को भी लाभ मिलेगा.

‘किसानों और युवाओं को भी मिलेगा फायदा’
पीएम मोदी ने कहा कि इस व्यापार समझौते से भारत के प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ आसानी से यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सकेंगे. इससे मोगा, फिरोजपुर, होशियारपुर और बठिंडा के किसानों को फायदा होगा और राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे. उन्होंने देश के उद्योगपतियों, निर्माताओं और उत्पादन से जुड़े सभी लोगों से उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की.

‘गुणवत्ता से न हो कोई समझौता’ 
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारे उत्पाद, चाहे वे कहीं भी जाएं, उन पर भारत की छाप होगी. हमें उत्पादों का निर्माण इस तरह करना होगा कि वे जिस भी बाजार में जाएं, वहां के लोगों का दिल जीत लें. हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो.’

वैश्विक बाजारों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘अगर हम गुणवत्तापूर्ण उत्पाद नहीं बनाएंगे तो कोई और हमारी जगह ले लेगा और अवसर हमारे हाथ से निकल जाएगा. इसलिए भारत में बने उत्पादों की सबसे बड़ी पहचान उनकी गुणवत्ता होनी चाहिए, तभी हम वैश्विक बाजारों में मजबूत पकड़ बना पाएंगे.’

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version