Home Business Padam Awards 2026: रूस, जर्मनी से लेकर अमेरिका तक… सरकार ने किन-किन...

Padam Awards 2026: रूस, जर्मनी से लेकर अमेरिका तक… सरकार ने किन-किन देशों के नागरिकों को दिए पद्म पुरस्कार?

0

पद्म पुरस्कार भारत के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिनकी घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है. वर्ष 2026 के लिए भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में देश के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ-साथ कई विदेशी नागरिकों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा. सरकार की तरफ से जारी सूची में रूस, जर्मनी, अमेरिका और जॉर्जिया के नागरिक शामिल हैं. इन सभी को कला, शिक्षा, साहित्य, चिकित्सा और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए पद्म सम्मान प्रदान किया जाएगा.

पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं. पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है. पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है, जबकि पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है. ये सम्मान कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे अनेक क्षेत्रों में दिए जाते हैं.

Padma Awards 2026 में कुल कितने पुरस्कार

सरकारी सूचना एजेंसी पीआईबी के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी गई है. इसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री तीनों श्रेणियों के पुरस्कार शामिल हैं. इनमें कुछ संयुक्त पुरस्कार भी हैं, जिन्हें एक ही पुरस्कार के रूप में गिना गया है.

महिलाओं, विदेशी नागरिकों और मरणोपरांत सम्मान

इस वर्ष की पद्म पुरस्कार सूची में 19 महिलाओं को सम्मानित किया गया है. इसके अलावा 6 विदेशी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी के व्यक्तियों को भी पद्म सम्मान दिया जाएगा. सूची में 16 ऐसे नाम भी शामिल हैं जिन्हें मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया जाएगा.

विदेशी नागरिकों को मिलेगा पद्म सम्मान

रूस की नागरिक ल्यूडमिला विक्टोरोवना खोखलोवा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने हिंदी, पंजाबी, गुजराती और मारवाड़ी जैसी भारतीय भाषाओं के अंतरराष्ट्रीय प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

जर्मनी के प्रोफेसर डॉ. लार्स-क्रिश्चियन कोच को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री दिया जाएगा. उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर गहन शोध कर उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है.

संयुक्त राज्य अमेरिका के विजय अमृतराज को खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने भारतीय टेनिस को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है. अमेरिका के ही डॉ. नोरी दत्तात्रेयुलु को चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया जाएगा, जबकि डॉ. प्रतीक शर्मा को गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में विशेषज्ञता के लिए पद्म श्री दिया जाएगा.

जॉर्जिया के व्लादिमीर मेस्तविराश्विली को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने भारतीय कुश्ती को नई दिशा देने में उल्लेखनीय योगदान दिया था.

पद्म पुरस्कार समारोह कब और कहां होगा

पीआईबी के अनुसार पद्म पुरस्कार समारोह का आयोजन राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में किया जाएगा. यह समारोह आमतौर पर मार्च या अप्रैल महीने में होता है, जहां भारत के राष्ट्रपति स्वयं इन पुरस्कारों को प्रदान करते हैं.

ये भी पढ़ें: Republic Day 2026 Live: कर्तव्य पथ पर दिखेगी आत्मनिर्भर भारत की झलक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लेंगी परेड की सलामी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version