Home Business कोलकाता के नाजिराबाद में लगी भीषण आग, अब तक 7 की मौत...

कोलकाता के नाजिराबाद में लगी भीषण आग, अब तक 7 की मौत और कई घायल

0

कोलकाता के नाजिराबाद में एक गोदाम में आग लग गई, जिसमें 7 लोगों की मौत गई और कई अन्य घायल हुए हैं. गोदाम के अंदर से दो शव बरामद किए गए. परिजनों के अनुसार, आग लगने के बाद से 20 लोग लापता हैं. पुलिस के मुताबिक, सोमवार (26 जनवरी 2026) तड़के करीब 3 बजे ड्राई फूड गोदाम में लगी आग को बुझाने में लगभग 15 फायर ब्रिगेड की टीम जुटी है.

दो गोदामों में फैल गई आग

आग पर आंशिक रूप से काबू पाने के बाद फायर फाइटर्स गैस कटर लेकर बिल्डिंग में घुसे.आनंदपुर के नजीराबाद में इस गोदाम में मुख्य रूप से सूखा, पैकेट वाला खाना और सॉफ्ट ड्रिंक्स की बोतलें रखी थीं. दमकल विभाग के अनुसार, आग पास के दो गोदामों में फैल गई और लगभग सब कुछ जलकर खाक हो गया.

फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में हुई मुश्किलें

दमकल विभाग को सोमवार तड़के आग लगने की सूचना मिली. गोदाम एक संकरी गली में होने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा, क्योंकि लंबी पाइप के बिना पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही थी, जिससे स्थिति को कंट्रोल में लाने में देरी हुई. कुछ जगहों पर अभी भी आग लगी हुई है, और बाकी आग को बुझाने की कोशिशें जारी हैं.

यह राजनीति करने का समय नहीं: बंगाल के मंत्री

राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी. उन्होंने बचाव अभियान का जायजा लिया और लापता लोगों के परिवारों से भी बात की. मंत्री ने कहा, ‘पुलिस और फायर सर्विस के अधिकारी आग बुझाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. मुझे बताया गया है कि आग काफी हद तक कंट्रोल में है और फायर फाइटर्स बिल्डिंग में घुस गए हैं. अंदर कोई फंसा है या नहीं, यह बाद में पता चलेगा. यह राजनीति करने का समय नहीं है, बल्कि पुलिस और फायर सर्विस के अधिकारियों को अपना काम करने देने का समय है.’

हालांकि, यह साफ नहीं है कि गोदाम में आग कैसे लगी. रात की ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी अंदर फंस गए थे, और पता चला कि गोदाम में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले छह लोग भी फंस गए थे. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गोदाम बाहर से बंद था, जिस वजह से अंदर के लोग बाहर नहीं निकल पाए.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version