Home Business ऑपरेशन सिंदूर के बारे में दुनिया को बताने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी...

ऑपरेशन सिंदूर के बारे में दुनिया को बताने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी का होगा सम्मान, जानें कौन सा पुरस्कार मिलेगा?

0

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में दुनिया को बताने वाली भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को भी इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद सरकार ने कर्नल सोफिया कुरैशी को विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित करने की घोषणा की है.

ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया में गूंजा नाम 

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जब अफवाहें फैलाई जा रही थीं, उस समय सेना की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी और इंडियन एयरफोर्स की विंग कमांडर व्योमिका सिंह को कमान सौंपी गई. उन्होंने पड़ोसी देश के झूठ का पर्दाफाश किया और ऑपरेशन का मकसद दुनिया को बताया.

जानें पहली बार कब आई थीं चर्चा में?

कर्नल सोफिया कुरैशी पहली बार सुर्खियों में तब आईं थीं, जब उन्‍होंने एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय दल की अगुवाई की थी. तब वह ऐसा करने वाली भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बन गई थीं. इस अभ्यास का नाम ‘एक्सरसाइज फोर्स 18’ दिया गया था, जो भारत की ओर से आयोजित उस समय का सबसे बड़ा विदेशी सैन्य अभ्यास था. लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी इस अभ्‍यास में भाग लेने वाले 18 दलों में एकमात्र महिला अधिकारी थीं.

कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?

गुजरात के वडोदरा की रहने वाली सोफिया कुरैशी का जन्म साल 1981 में हुआ था. उन्होंने बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. सोफिया भारतीय सेना में साल 1999 में शामिल हुईं. वह साल 2006 में अफ्रीकी देश कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मिशन में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं. पंजाब सीमा पर ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उनकी सेवा के लिए उन्हें जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का प्रशंसा पत्र भी मिल चुका है. इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट में आई बाढ़ के दौरान उनके कार्यों की भी सराहना की गई थी.

राष्ट्रपति ने गैलैंट्री अवार्ड और विशष्ट सेवा मेडल का किया ऐलान 

दरअसल, रक्षा मंत्रालय ने रविवार (25 जनवरी, 2026) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति के बाद वीरता पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले भारतीय सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों की सूची जारी की है. इसमें रक्षा मंत्रालय ने कुल 133 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित करने की घोषणा की है. इसमें भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चर्चा में आईं भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को भी सम्मानित करने की घोषणा की गई है.

यह भी पढ़ेंः अशोक चक्र से सम्मानित होंगे शुभांशु शुक्ला, सेना के 70 जवानों को वीरता पुरस्कार, देखें लिस्ट

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version