Home Business ‘कोई हराम का पैसा दे तो ले लो और…’, लातूर में चुनावी...

‘कोई हराम का पैसा दे तो ले लो और…’, लातूर में चुनावी रैली में बोले AIMIM चीफ ओवैसी, कहा- ट्रंप पर बोलने से डरते हैं पीएम मोदी

0

महाराष्ट्र के लातूर में नगर निगम चुनाव को लेकर एक रैली को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने पैसे बांटने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर मतदाताओं को लगता है कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से बांटा जा रहा पैसा अनैतिक है तो वे इसे स्वीकार कर शौचालय निर्माण पर खर्च कर सकते हैं.

हराम का पैसा लेकर शौचालय बना लो: ओवैसी

ओवैसी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर उसकी विदेश नीति को लेकर निशाना साधा. उन्होंने वक्फ (संशोधन) अधिनियम की भी आलोचना की. ओवैसी ने कहा, ‘एआईएमआईएम के चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं के बीच नकद राशि बांटना शुरू कर दिया. अगर हमने उम्मीदवार नहीं उतारे होते तो पैसा नहीं बांटा जाता. पैसा ले लीजिए और अगर आपको लगता है कि यह अनैतिक और हराम (अवैध) है तो इसका इस्तेमाल शौचालय बनाने में कीजिए.’

ओवैसी ने यह कहते हुए मुसलमानों से मजबूत राजनीतिक नेतृत्व बनाने का आह्वान किया कि अफसोस है कि अल्पसंख्यकों को छोड़कर हर समुदाय के पास राजनीतिक शक्ति है. उन्होंने कहा कि दलित और मुसलमान गरीब आबादी का एक बड़ा हिस्सा हैं, लेकिन अबतक विकास उनके क्षेत्रों तक नहीं पहुंचा है. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी राष्ट्रवाद की बात करती है, लेकिन किसान मर रहे हैं, युवा बेरोजगार हैं और वह सिर्फ लव जिहाद की बात करती है.’

ओवैसी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर चुप हैं. उन्होंने कहा, ‘ट्रंप एक हवाई जहाज में कहते हैं कि मोदी मुझे खुश करने के लिए निर्णय लेते हैं. मैं बीजेपी के लोगों से कहना चाहूंगा कि आप ट्रंप से इतना क्यों डरते हैं? ट्रंप का नाम लेते ही वे ठंडे पड़ जाते हैं. ट्रंप कहते हैं कि मोदी अच्छे आदमी हैं, लेकिन उन्होंने उन्हें खुश करने के लिए सब कुछ किया.’

ट्रंप पर बोलने से डरते हैं पीएम मोदी: औवैसी

ओवैसी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी 133 करोड़ लोगों के पीएम हैं. 24 घंटे हो गए हैं, लेकिन बीजेपी वाले चुप हैं. वे उनके बारे में बोलने से डरते हैं. सम्मान नाम की कोई चीज होती है. कोई हमारे देश का अपमान नहीं कर सकता…कुछ तो बोलो. आप हिंदू-मुस्लिम पर बोलेंगे, लव जिहाद पर बोलेंगे, आप कहेंगे कि कोई बांग्लादेशी है. आप किसानों की मौत पर, युवाओं की बेरोजगारी पर, ट्रंप के बयान पर चुप रहेंगे.’

एआईएमआईएम प्रमुख ने दावा किया कि महाराष्ट्र सरकार की ‘माझी लाडकी बहिन’ योजना के लाभार्थियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है. उन्होंने पूछा, ‘सरकार ने 9.30 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. इस कर्ज को कौन चुकाएगा?’

अजित पवार पर ओवैसी ने निशाना साधा

उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने चाचा और राजनीतिक गुरु शरद पवार के प्रति वफादार नहीं रहा, वह जनता के प्रति कैसे वफादार हो सकता है? वक्फ (संशोधन) अधिनियम पर ओवैसी ने आरोप लगाया कि इस कानून का दुरुपयोग मस्जिदों को बंद करने और सदियों पुरानी दरगाहों के स्वामित्व को चुनौती देने के लिए किया जा रहा है.

हैदराबाद के सांसद ओवैसी ने 2006 के मुंबई ट्रेन बम धमाकों के एक दोषी की जेल में हुई मौत के हालात पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया, ‘2006 के मुंबई ट्रेन धमाकों में 185 लोगों की जान चली गई थी, जिसके चलते 11 मुसलमानों को गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने (अदालत द्वारा बरी किए जाने से पहले) 19 साल जेल में बिताए. उनमें से एक की मौत हो गई, लेकिन कोई भी यह बताने को तैयार नहीं है कि उसकी मौत कैसे हुई.’

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version