Friday, May 8, 2026
spot_img
HomeBusinessकिस रूट चलेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेलमंत्री ने...

किस रूट चलेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेलमंत्री ने बताया लॉन्चिंग डेट, जानें कितना होगा किराया

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का रूट फाइनल हो गया है और रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बहुप्रतीक्षित पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रूट की घोषणा भी कर दी है. उन्होंने बताया कि इस महीने देश को मिलने वाली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कोलकाता के हावड़ा से गुवाहाटी के कामाख्या के बीच चलेगी. इसके साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये भी बताया कि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 17 या 18 जनवरी को शुरू होगी और इस नई ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे. 

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कितनी सीटें होंगी

रेल मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 1000 किमी से 1500 किमी के बीच के शहर को जोड़ने के लिए चलाई जाएगी. इस रूट के बारे में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पूर्वोदय के कॉन्सेप्ट के तौर पर इस रूट को चुना गया है. ताकि पूर्वोत्तर के जो राज्य हैं उनकी बाकी देश से कनेक्टिविटी और बेहतर हो सके. 

इस नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे जिसमें 11 कोच थर्ड एसी के होंगे. 4 कोच सेकंड एसी के होंगे और एक कोच फर्स्ट एसी का होगा. इस पूरी ट्रेन की यात्री क्षमता 823 यात्रियों की होगी, जिसमें से 611 सीटें थर्ड एसी में होंगी. इसमें 188 सीटें सेकंड एसी में होंगी और 24 सीटें फर्स्ट एसी में होंगी. ये सेमी हाई स्पीड ट्रेन 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक पटरी पर दौड़ेगी. 

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का कितना होगा किराया?

अब यात्रियों के लिए एक जरूरी सवाल ये भी है कि आखिर इस नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया कितना होगा? रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया इस तरह से सोच विचार कर रखा गया है कि इस रूट पर उपलब्ध विमान सेवा से काफी कम किराया होगा.

उन्होंने बताया कि गुवाहाटी से कोलकाता तक का विमान किराया औसतन 6 हजार से 8 हजार और इससे ज्यादा 10 हजार रुपये तक भी पहुंच जाता है, लेकिन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में हावड़ा से गुवाहाटी तक थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये होगा जबकि सेकंड एसी का किराया 3000 रुपये होगा और फर्स्ट एसी का किराया 3600 रुपये होगा. साथ ही ये किराए सफर में दौरान मिलने वाले खाने के साथ हैं.

इस ट्रेन के किराए को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि फर्स्ट एसी में सफर करने वाले यात्री को 3 रुपये 80 पैसा प्रति किमी का किराया देना होगा. वहीं सेकंड एसी में सफर करने वाले यात्री को 3 रुपये 10 पैसे प्रति किमी किराया होगा और थर्ड एसी में सफर करने के यात्री को 2 रुपये 40 पैसे प्रति किमी के हिसाब से किराया देना होगा. 

इस साल के अंत तक 12 ट्रेन का होगा प्रोडक्शन

इसके अलावा रेल मंत्री ने ये भी बताया इस साल 2026 के अंत तक नई वंदे भारत स्लीपर की 12 ट्रेन का प्रोडक्शन हो जाएगा यानि साल के अंत तक रेलवे को 6 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट उपलब्ध हो जाएंगे. हालांकि रेल मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक इन 6 ट्रेनों को भी देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की योजना रहेगी, क्योंकि इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 1000 किमी से 1500 किमी के बीच की दूरी वाले शहर को जोड़ने के लिए लाया गया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments