इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने सभी चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये सभी इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के नेता हैं और पुलिस ने उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है.
दिल्ली पुलिस ने FIR में कई गंभीर धाराएं लगाईं
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ हाथापाई भी की थी. FIR में कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें सार्वजनिक जगह पर अश्लीलता फैलाना, पुलिस के साथ मारपीट और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसे आरोप शामिल हैं. पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने समिट के हॉल नंबर 5 में प्रवेश के लिए पहले से QR कोड बनवाया था और टी-शर्ट को स्वेटर के नीचे छुपाकर अंदर ले गए थे.
लार्ज कॉन्सपिरेसी के एंगल से जांच कर रही पुलिस
ACP महला ने दोहराया कि ये घटना पूरी तरह से प्री-प्लान्ड लगती है. उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से कुछ लोग अगर एक जगह पहुंचकर ऐसा प्रोटेस्ट करते हैं तो वह प्री-प्लानिंग के बिना संभव नहीं है. हम इसकी जांच कर रहे हैं.’ पुलिस अब लार्जर कॉन्सपिरेसी (बड़ी साजिश) के एंगल से जांच कर रही है. इसमें यह देखा जा रहा है कि क्या ये प्रदर्शन सिर्फ कुछ लोगों की हरकत थी या इसमें कोई बड़ा प्लान और ज्यादा लोग शामिल थे.
प्रदर्शनकारियों ने समिट में लगाए नारे
यह घटना 20 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे भारत मंडपम के एग्जिबिशन हॉल में हुई थी. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ टी-शर्ट पर स्लोगन जैसे ‘PM इज कंप्रोमाइज्ड’, ‘एपस्टीन फाइल्स’ और “इंडिया-US ट्रेड डील’ लिखकर दिखाए. उन्होंने शर्ट उतारकर नारे लगाए और हंगामा किया, जिससे वहां मौजूद अंतरराष्ट्रीय डेलिगेट्स और मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन लेकर गई. अब गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां रिमांड या जमानत पर सुनवाई हो सकती है.



