हैदराबाद के अमीरपेट स्थित मैत्रीवनम के पास नीलगिरि ब्लॉक भवन में शुक्रवार दोपहर 12 बजे के आसपास अचानक आग लग गई, जिससे इमारत में घना धुआं भर गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई. चश्मदीदों के अनुसार आग ऊपरी मंजिलों से उठती दिखाई दी और कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे परिसर में फैल गया. चौथी मंजिल पर संचालित एक कोचिंग संस्थान में मौजूद कई छात्र अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बालकनी के रास्ते रेस्क्यू अभियान शुरू किया.

देखा गया कि इमारत से लोग सीढ़ियों के जरिए तेजी से नीचे उतर रहे थे, जबकि कुछ छात्र खिड़कियों और बालकनी में खड़े होकर मदद का इंतजार कर रहे थे. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने सीढ़ीदार हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से चौथी मंजिल तक पहुंच बनाई. पुलिस ने आसपास की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

हल्की सांस लेने में दिक्कत की शिकायत

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ छात्रों को हल्की सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई, जिन्हें एहतियातन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग को नियंत्रित करने में लगभग एक घंटा लगा और बड़ी जनहानि टल गई. भवन में मौजूद अन्य कार्यालयों और दुकानों को भी खाली करा लिया गया.

हैदराबाद में हाल के महीनों में आग की घटना

हैदराबाद में हाल के महीनों में आग की घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए हैं. जनवरी 2026 में चारमीनार के पास एक कॉर्मशियल इमारत में आग लगने से कई दुकानें तबाह हुई थीं. इसी तरह जनवरी मे नामपलली में फर्नीचर की दुकान में लगी आग में 4 व्यक्तियों की मौत हुई थी. इन घटनाओं के बाद भी फायर सेफ्टी रेगुलेशन के पालन को लेकर चिंता बनी हुई है.

शहर में लगातार बढ़ती व्यावसायिक इमारत

नीलगिरि ब्लॉक की घटना ने एक बार फिर यह दिखाया कि भीड़भाड़ वाले कॉर्मशियल क्षेत्रों में आपातकालीन निकास और अग्नि सुरक्षा उपकरण कितने जरूरी हैं. फिलहाल अधिकारी आग के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं और भवन प्रबंधन से सुरक्षा प्रमाणपत्र व अग्निशमन उपायों का रिकॉर्ड मांगा गया है. शहर में लगातार बढ़ती व्यावसायिक इमारतों के बीच यह घटना चेतावनी के रूप में देखी जा रही है.