कर्नाटक के सीमावर्ती बीदर जिले में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है. इसे लेकर पूरे जिले में आक्रोश की लहर फैल गई है.
मामले से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा से सटे बीदर जिले के मेहकर पुलिस थाने के सामने सैंकड़ों नागरिक एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की. भालकी में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
क्या है पूरा मामला
हुलसूर तालुका के अट्टर्गा गांव के कालिदास सूर्यवंशी, राहुल खंडारे और कपिल गोडबोले समेत कुछ युवकों पर रेल यात्रा के दौरान कविता के रूप में देवी-देवताओं के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेहकर, सायगांव और अलवाई क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. हिंदू संगठनों के नेतृत्व में मेहकर पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
इस मामले में मेहकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. भालकी में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि नफरत फैलाने को लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
हिंदू संगठनों की चेतावनी
हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा. धार्मिक भावनाएं आहत होने के आरोप के कारण बीदर जिले सहित महाराष्ट्र और कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और इस मामले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
(इनपुट- निशांत भद्रेश्वर)
ये भी पढ़ें



