तेलंगाना के आदिवासी कल्याण और खेल मंत्री अदलुरी लक्ष्मण के काफिले पर मेदारम में देर रात अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया. यह घटना तब हुई जब मंत्री मेदारम जातरा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वहां ठहरे हुए थे. हमलावरों ने मंत्री के वाहन और उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी के कांच बुरी तरह तोड़ दिए.
बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में बिजली गुल थी, जिसका फायदा उठाकर हमलावर वहां से फरार हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
जातरा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे
जयशंकर भूपालपल्ली जिले के मेदारम में प्रसिद्ध समक्का-सारलम्मा जातरा को लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं. इन्हीं तैयारियों की समीक्षा करने और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के मकसद से मंत्री अदलुरी लक्ष्मण मेदारम पहुंचे थे और वे हरिता होटल में ठहरे हुए थे. मंगलवार की आधी रात को होटल के बाहर अचानक हंगामा मच गया. अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ बदमाशों ने मंत्री के काफिले पर हमला बोल दिया.
हमले में मंत्री की आधिकारिक गाड़ी के साथ-साथ उनकी सुरक्षा में मौजूद एस्कॉर्ट वाहन के शीशे भी चकनाचूर हो गए. हालांकि, इस हमले में किसी भी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन यह घटना एक कैबिनेट मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक को दर्शाती है. हमले के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया.
घटना के तुरंत बाद भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी शुरू कर दी गई है. स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए हरिता होटल और उसके आस-पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है. रात के समय अंधेरा होने और बिजली न होने के कारण गवाहों की पहचान में कठिनाई आ रही है, लेकिन पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगने की उम्मीद है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर हमले के पीछे किसका हाथ है और यह क्या मकसद था. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.



