भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नवनिर्वाचित नितिन नवीन के पदभार ग्रहण करने के बाद केंद्र सरकार की ओर से उन्हें उच्च स्तरीय सशस्त्र वीआईपी सुरक्षा दी गई है. अधिकरियों ने मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को बताया कि भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन को केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है.
उन्होंने कहा कि कुछ हफ्ते पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को नितिन नवीन के भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में घोषित होने के बाद उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया था. उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीआरपीएफ कमांडो देशभर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरों के दौरान उनके साथ रहेंगे.
BJP ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा की
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को औपचारिक रूप से बिहार के पूर्व मंत्री रहे नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया. 45 वर्षीय नितिन नवीन को सोमवार (19 जनवरी, 2026) को बिना किसी विरोध के भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया.
नितिन नवीन पार्टी के शीर्ष पद पर पहुंचने वाले अब तक के सबसे युवा नेता हैं. वह बिहार में लगातार पांच बार विधायक के तौर पर निर्वाचित हो चुके हैं और वह बिहार सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं. उनकी नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसके मद्देनजर भाजपा संगठनात्मक तौर पर अपने विस्तार पर जोर दे रही है.
किस-किस को मिली है CRPF की वीआईपी सुरक्षा?
नितिन नवीन के पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा को भी केंद्र सरकार की ओर से इसी तरह की सुरक्षा प्रदान की गई थी, जिसकी व्यवस्था सीआरपीएफ की वीआईपी सुरक्षा विंग की ओर से की जाती थी.
वहीं, केंद्रीय सुरक्षा सूची के तहत वीआईपी सुरक्षा श्रेणियों में सबसे ऊंचा स्तर Z-प्लस (ASL) से लेकर Z-प्लस, Z, Y-प्लस, Y और X तक होती है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गांधी परिवार और कई अन्य राजनेताओं और उच्च पदों पर कार्यरत व्यक्ति सीआरपीएफ की सुरक्षा में हैं. वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के सुरक्षा घेरे में लगभग 200 वीआईपी शामिल हैं.
यह भी पढ़ेंः Republic Day 2026: दिल्ली पुलिस की ‘बाज की नजर’, नहीं छिप पाएगा कोई अपराधी, AI से 26 जनवरी पर कैसे बढ़ेगी सुरक्षा?



