Friday, February 13, 2026
spot_img
HomeBusinessकेरोसीन डालकर पत्नी को जलाया, बरी करने के HC आदेश पर क्यों...

केरोसीन डालकर पत्नी को जलाया, बरी करने के HC आदेश पर क्यों बोला SC- ठोस सबूत न होना अभियोजन के मामले को कमजोर नहीं करता

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (15 जनवरी, 2026) को कहा कि अगर किसी मामले में व्यक्ति का मृत्यु-पूर्व विश्वसनीय और भरोसेमंद अंतिम बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) मौजूद है, तो मकसद के ठोस सबूत न होने पर भी यह अभियोजन पक्ष के मामले को कमजोर नहीं करता.

जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने चमन लाल को अपनी पत्नी सरो देवी पर केरोसिन डालकर आग लगाने के मामले में बरी किए जाने के हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया और कहा कि मकसद का महत्व मुख्य रूप से परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित मामलों में होता है.

सुप्रीम कोर्ट ने अधीनस्थ अदालत के फैसले को बरकरार रखा, जिसमें चमन लाल को हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था और हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें मृत्यु पूर्व अंतिम बयान पर संदेह जताते हुए उसे बरी किया गया था.

हाईकोर्ट ने मृत्यु-पूर्व अंतिम बयान पर दो कारणों से संदेह जताया था– पहला, बयान दर्ज किए जाने के समय में कथित असंगति; और दूसरा, यह संदेह कि क्या चंबा जिले के तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने स्वयं यह बयान दर्ज किया या केवल इसे लिखवाया. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट की ओर से उठाए गए दोनों संदेह टिकाऊ नहीं हैं.

बेंच ने कहा, ‘परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित मामलों में मकसद का महत्व प्रमुख होता है. जहां मृत्यु-पूर्व विश्वसनीय और भरोसेमंद अंतिम बयान के रूप में प्रत्यक्ष साक्ष्य मौजूद है, वहां मकसद के ठोस प्रमाण का अभाव अभियोजन पक्ष के मामले को कमजोर नहीं करता.’

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वर्तमान मामले में रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्य दिखाते हैं कि प्रतिवादी ने पत्नी के साथ लगातार झगड़े किए, उसे अपमानित किया और उसके लिए कंजरी (बुरे चरित्र की महिला) जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दुर्व्यवहार किया और बार-बार ससुराल से निकालने की धमकी दी.

बेंच की ओर से फैसला लिखने वाले जस्टिस आर महादेवन ने कहा कि मृत्यु-पूर्व अंतिम बयान में लगातार वैवाहिक कलह और दुर्व्यवहार का उल्लेख है, जो अपराध के लिए संभावित पृष्ठभूमि प्रदान करता है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘किसी भी स्थिति में, अभियोजन पक्ष को मकसद को बिल्कुल सटीक रूप से साबित करने की जरूरत नहीं है, और मकसद को पूरी तरह साबित न कर पाने से विश्वसनीय और ठोस मामले की ताकत कम नहीं हो जाती.’

साक्ष्यों के समग्र मूल्यांकन के आधार पर, सुप्रीम कोर्ट ने संतोष जताया कि सारो देवी का मृत्यु-पूर्व अंतिम बयान स्वैच्छिक, सच्चा और विश्वसनीय है. अभियोजन पक्ष के अनुसार, सात दिसंबर 2009 को चमन लाल ने हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के रामपुर गांव में अपने घर पर सरो देवी पर कथित रूप से केरोसिन छिड़कर उन्हें आग लगा दी थी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उनकी मौत हो गई.

 

यह भी पढ़ें:-
NIA ने भगोड़े को किया गिरफ्तार, मगध जोन में नक्सली संगठन को फिर से खड़ा करने की साज़िश का आरोप

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments