वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का बुधवार (7 जनवरी, 2026) को अमेरिका में निधन हो गया है. वह 49 वर्ष के थे. अग्निवेश वेदांता समूह की कंपनी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL) के निदेशक मंडल में शामिल थे. वह अपनी मृत्यु के समय एक बीमारी से उबर रहे थे. अग्निवेश अग्रवाल के पिता अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी साझा की है. उन्होंने कहा कि आज मेरी जिंदगी का सबसे काला दिन है. मेरा प्यारा बेटा अग्निवेश हमें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया.
अनिल अग्रवाल ने कहा कि अग्निवेश सिर्फ 49 वर्ष का था. बिल्कुल स्वस्थ, जीवन से भरपूर और सपनों से भरा हुआ. उन्होंने कहा कि अमेरिका में स्कीइंग के दौरान हुए एक हादसे के बाद वह न्यूयॉर्क के माउंट सीनाई अस्पताल में इलाज करा रहा था और अच्छी तरह से ठीक हो रहा था. हमें लगा था कि सबसे बुरा समय बीत चुका है, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और अचानक आए एक दिल के दौरे ने हमारे बेटे को हमसे छीन लिया.
उन्होंने कहा कि कोई भी शब्द उस दर्द को बयां नहीं कर सकता, जो एक माता-पिता तब महसूस करते हैं जब उन्हें अपने ही बच्चे को हमेशा के लिए अलविदा कहना पड़े. एक बेटे को पिता से पहले नहीं जाना चाहिए. इस क्षति ने हमें इस तरह से तोड़ दिया है, जिसे हम अभी पूरी तरह से समझ भी नहीं पा रहे हैं.
बेटे को याद करते हुए क्या बोले पिता अनिल अग्रवाल?
Today is the darkest day of my life.
My beloved son, Agnivesh, left us far too soon. He was just 49 years old, healthy, full of life, and dreams. Following a skiing accident in the US, he was recovering well in Mount Sinai Hospital, New York. We believed the worst was behind us.… pic.twitter.com/hDQEDNI262
— Anil Agarwal (@AnilAgarwal_Ved) January 7, 2026
अपने बेटे को याद करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा, ‘मुझे आज भी वो दिन याद है जब 3 जून, 1976 को पटना में अग्नि का जन्म हुआ था. बिहार के एक मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मा मेरा बेटा आगे चलकर ताकत, करुणा और उद्देश्य से भरा इंसान था. बेटा, तुम्हारे साथ बिताया गया हर एक पल आज बहुत याद आ रहा है. वह अपनी मां का दुलारा अग्नि बचपन में बेहद चंचल और शरारती था. वह अपनी बहन प्रिया को लेकर सबसे प्रोटेक्टिव था. वो यारों का यार था, हमेशा हंसता और मुस्कुराता.’
अनिल अग्रवाल ने बेटे से किया वादा
अनिल अग्रवाल ने कहा, ‘हम दोनों ने एक सपना देखा था कि हमारे देश में कोई भी बच्चा भूखा न सोए, कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे, हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो और देश के हर युवा को रोजगार मिले. मैंने अग्नि से वादा किया था कि हम जो कमाएंगे, उसका 75% से ज्यादा हम समाज को वापस लौटाएंगे. आज मैं उस वादे को फिर से दोहराता हूं और एक सादा जीवन जीने का संकल्प लेता हूं.’
यह भी पढ़ेंः तेलंगाना में जुबानी जंग की हदें पार! कांग्रेस विधायक ने KTR को दी जूतों से मारने की दी धमकी



