- चीन में Redmi K100 लॉन्च, 10000mAh बैटरी मुख्य विशेषता।
- इसमें स्नैपड्रैगन 8 Elite प्रोसेसर, 165Hz AMOLED डिस्प्ले है।
- 50MP OIS कैमरा, 100W फास्ट चार्जिंग और स्टीरियो स्पीकर।
अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें घर से बाहर निकलते वक्त हर समय फोन की बैटरी खत्म होने का डर सताता रहता है और बैग में हमेशा पावरबैंक लेकर चलना पड़ता है. तो अब आपकी यह दिक्कत हमेशा के लिए खत्म होने वाली है. Xiaomi के Redmi ने चीन के बाजार में अपना नया धमाकेदार स्मार्टफोन Redmi K100 उतार दिया है. इस नए फोन की ताकत इसकी 10000mAh की जंबो बैटरी है.
जो आज के दौर के आम फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स के मुकाबले लगभग दोगुनी है. आमतौर पर इतनी बड़ी बैटरी वाले फोन मोटे और भारी होते हैं. लेकिन कंपनी ने कमाल की इंजीनियरिंग दिखाते हुए इसे बेहद स्लीक डिजाइन में फिट किया है. सिर्फ बैटरी ही नहीं इस फोन में आपको Qualcomm का फ्लैगशिप Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर, 165Hz रिफ्रेश रेट वाली शानदार AMOLED स्क्रीन भी दी गई है जान लें इस कमाल के फोन में और क्या फीचर्स है.
Redmi K100 की 10000mAh बैटरी
Redmi K100 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10000mAh की बैटरी है. किसी नार्मल स्मार्टफोन के मुकाबले इतनी बड़ी बैटरी उन लोगों के लिए काम की हो सकती है जो दिनभर फोन पर एक्टिव रहते हैं. ऑनलाइन वीडियो देखने, सोशल मीडिया चलाने, नेविगेशन और गेमिंग के दौरान बार-बार चार्जर ढूंढने की परेशानी भी कम हो सकती है. फोन में 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे इतनी बड़ी बैटरी को चार्ज करना आसान बनाने में मदद मिलेगी.
इसके अलावा फोन में 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग का फीचर मिलता है. इसकी मदद से जरूरत पड़ने पर दूसरे कम्पैटिबल डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है. यानी फोन सिर्फ अपनी बैटरी के लिए ही नहीं बल्कि दूसरे डिवाइस के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

165Hz डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर
Redmi K100 में 6.83 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है जो 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आता है. इसका 165Hz रिफ्रेश रेट स्क्रीन पर मूवमेंट को ज्यादा स्मूद बनाने में मदद करता है. स्क्रॉलिंग, एनिमेशन और सपोर्टेड गेम्स खेलते समय इसका फायदा देखने को मिल सकता है. कंपनी के मुताबिक डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 3500 निट्स तक है. इससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन पर कंटेंट देखने में मदद मिलती है.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ Redmi की D2 डिस्प्ले चिप भी मिलती है, जिसे गेमिंग के दौरान ग्राफिक्स और फ्रेम रेट बेहतर बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया है. कंपनी ने 40 से ज्यादा गेम्स में 165fps सपोर्ट की जानकारी दी है. इसके अलावा 100 से ज्यादा गेम्स में फ्रेम इंटरपोलेशन जैसी तकनीक का सपोर्ट दिया गया है. फोन में 12GB और 16GB RAM के ऑप्शन मिलते हैं. जबकि स्टोरेज 256GB से शुरू होकर 512GB तक जाती है.

50MP कैमरा के साथ शानदार डिजाइन
कैमरे की बात करें तो Redmi K100 में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसका मेन कैमरा 50MP का है. जिसमें OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन का सपोर्ट मिलता है. यह फीचर फोटो खींचते समय हाथ के हल्के मूवमेंट का असर कम करने में मदद करता है.
इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा भी दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 20MP का फ्रंट कैमरा मिलता है. ऑडियो के लिए इसमें स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जिन्हें Bose की ट्यूनिंग मिली है. डिजाइन की बात करें तो फोन ब्लैक, स्नो रॉक व्हाइट और फायरफ्लाई ग्रीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें: एप्पल का आईपैड लें, सैमसंग का टैब? जानें आपके लिए कौन सा है फायदे का सौदा
Redmi K100 की कीमत
चीन में इसके बेस वेरिएंट की कीमत 3499 चीनी युआन यानी करीब 50,000 रुपये बताई गई है. वहीं 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 4499 चीनी युआन, यानी लगभग 64000 रुपये है. कंपनी ने अभी भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इस फोन के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: व्हाट्सएप पर NO लिखते ही खाली हो जाएगा खाता, अब ऐसे ठग रहे स्कैमर



