
वायरलेस कीबोर्ड आमतौर पर ब्लूटूथ या छोटे USB रिसीवर से कनेक्ट होता है. इसे टेबल पर अपनी सुविधा से रखा जा सकता है और लैपटॉप से थोड़ी दूरी पर बैठकर भी टाइपिंग की जा सकती है. कुछ मॉडल एक से ज्यादा डिवाइस से कनेक्ट होते हैं. जिससे कंप्यूटर और टैबलेट के बीच स्विच करना आसान हो सकता है. हालांकि खरीदने से पहले देख लें कि आपका डिवाइस उस कीबोर्ड के कनेक्शन को सपोर्ट करता है या नहीं.

वायरलेस कीबोर्ड का बड़ा फायदा है कि टेबल पर केबल कम रहती हैं. लैपटॉप को दूसरी जगह रखकर काम करना हो या स्क्रीन से दूर बैठकर टाइप करना हो तो यह सुविधा काम आती है. टीवी से जुड़े कंप्यूटर या छोटे डेस्क सेटअप में भी वायरलेस कीबोर्ड काम का रहता है. इस्तेमाल के बाद इसे आसानी से हटाकर रखा जा सकता है. यानी साफ-सुथरी जगह और आराम से बैठकर काम करने वालों को यह पसंद आ सकता है.

इसकी एक बात का ध्यान रखना पड़ता है. वायरलेस कीबोर्ड को बैटरी या चार्जिंग की जरूरत होती है. बैटरी खत्म हो जाए तो काम बीच में रुक सकता है. कुछ मॉडल में बैटरी बदलनी पड़ती है जबकि कुछ को केबल से चार्ज किया जाता है. तो साथ ही USB रिसीवर छोटा होता है और खो जाए तो परेशानी हो सकती है. ब्लूटूथ मॉडल में रिसीवर की जरूरत नहीं पड़ती लेकिन डिवाइस से पेयरिंग करनी होती है.

वायर वाला कीबोर्ड USB केबल से कंप्यूटर से जुड़ता है. इसे आमतौर पर प्लग इन करते ही इस्तेमाल किया जा सकता है. इसलिए बैटरी चार्ज रखने की चिंता नहीं रहती. कनेक्शन भी सीधा रहता है. टाइपिंग या गेम खेलते समय इनपुट तुरंत पहुंचना जरूरी हो तो कई लोग वायर वाले मॉडल को पसंद करते हैं. हालांकि आज के वायरलेस कीबोर्ड भी काफी तेज होते हैं.

वायर वाले कीबोर्ड की सबसे साफ कमी इसकी केबल है. डेस्क पर तार फैला रह सकता है और कीबोर्ड को अपनी पसंद की जगह पर रखने की चाॅइस कम हो जाती है. अगर आप लैपटॉप को बार-बार उठाकर दूसरी जगह ले जाते हैं. तो हर बार केबल निकालना और लगाना थोड़ा झंझट वाला हो सकता है. दूसरी ओर डेस्कटॉप कंप्यूटर एक ही जगह रखा है और कीबोर्ड भी वहीं इस्तेमाल होता है तो तार अक्सर बड़ी परेशानी नहीं बनता.

गेमिंग, ऑफिस के काम और नार्मल टाइपिंग में कौनसा सही है यह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है. तेज प्रोसेस और सीधा कनेक्शन चाहते है तो अच्छा वायर वाला कीबोर्ड सही ऑप्शन हो सकता है. डेस्क को व्यवस्थित रखना, दूरी से टाइप करना या कई डिवाइस के बीच स्विच करना अहम है तो वायरलेस मॉडल सही रहेगा. गेमिंग के लिए वायरलेस लें तो उसकी प्रोसेस और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी जरूर जांचें.

खरीदने से पहले कनेक्शन के साथ कीबोर्ड का साइज, बटन की बनावट और बैटरी की जानकारी भी देख लें. वायरलेस मॉडल में चेक करें कि वह ब्लूटूथ से जुड़ता है या USB रिसीवर से और क्या आपके लैपटॉप में जरूरी पोर्ट मौजूद है. वायर वाले कीबोर्ड के लिए केबल की लंबाई चेक कर लें. अगर आप रोज कई घंटे टाइप करते हैं. तो बटन दबाने में कैसा फील दे रहे यह भी देख लें.

इन दोनों में से कोई एक हर व्यक्ति के लिए बेहतर नहीं है. कम खर्च में आसान सेटअप चाहिए और कीबोर्ड एक ही जगह रहेगा तो वायर वाला मॉडल काम का हो सकता है. साफ डेस्क आसानी से इधर-उधर ले जाने और बिना तार काम करने की सुविधा चाहिए तो वायरलेस लें. खरीदने से पहले अपने डिवाइस के साथ कनेक्शन बैटरी की जरूरत चेक कर लें.
Published at : 03 Oct 2026 02:06 PM (IST)
Tags :



