
दरअसल, जरूरी नहीं कि 100 Mbps का कनेक्शन होने पर चार डिवाइस को 25-25 Mbps की स्पीड मिले. इंटरनेट बैंडविड्थ किस डिवाइस को कितनी मिलेगी यह उसके इस्तेमाल और नेटवर्क की स्थिति पर निर्भर करता है. अगर टीवी पर 4K वीडियो स्ट्रीम हो रहा है, लैपटॉप पर कोई बड़ी फाइल डाउनलोड हो रही है और फोन में ऐप अपडेट हो रहे हैं तो तीनों डिवाइस एक साथ नेटवर्क की पावर इस्तेमाल करेंगे. जिस समय किसी डिवाइस को ज्यादा डेटा की जरूरत होगी, वह ज्यादा बैंडविड्थ इस्तेमाल करेगा.

स्मार्ट टीवी पर खासकर 4K वीडियो स्ट्रीमिंग में लगातार ज्यादा डेटा की जरूरत पड़ती है. वहीं फोन पर सोशल मीडिया, चैटिंग या नॉर्मल ब्राउजिंग में आमतौर पर कम बैंडविड्थ की जरूरत होती है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि टीवी हमेशा पूरे नेटवर्क की स्पीड अपने कब्जे में कर लेगा. स्ट्रीमिंग सर्विस, वीडियो की क्वालिटी और नेटवर्क की कंडिशन के हिसाब से डेटा की खपत बदलती रहती है.

मान लीजिए आपके घर में 100 Mbps का इंटरनेट कनेक्शन है और लैपटॉप पर कोई बड़ी फाइल डाउनलोड हो रही है. डाउनलोड के दौरान लैपटॉप उपलब्ध बैंडविड्थ का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल कर सकता है. ऐसे में उसी समय टीवी पर वीडियो स्ट्रीमिंग या फोन पर वेबसाइट खोलने में देरी हो सकती है. खासकर तब समस्या ज्यादा दिखाई देती है जब एक साथ कई डिवाइस पर हाई-बैंडविड्थ गतिविधियां चल रही हों.

आपको बात दें कि कई बार लोग Wi-Fi धीमा होने पर सीधे इंटरनेट प्लान को खराब बताते हैं लेकिन समस्या राउटर की भी हो सकती है. राउटर की क्षमता, Wi-Fi स्टैंडर्ड, डिवाइस से दूरी, दीवारें और आसपास के दूसरे वायरलेस नेटवर्क भी स्पीड को कम कर सकते हैं.

इसके अलावा 2.4GHz बैंड पर भीड़ ज्यादा होने पर कनेक्शन प्रभावित हो सकता है. अगर आपका राउटर 5GHz या नए Wi-Fi स्टैंडर्ड को सपोर्ट करता है तो compatible डिवाइस पर इनका इस्तेमाल बेहतर प्रदर्शन दे सकता है.

घर में कई डिवाइस जुड़े हैं तो सबसे पहले देखें कि कौन-सा डिवाइस ज्यादा डेटा इस्तेमाल कर रहा है. बैकग्राउंड डाउनलोड, क्लाउड सिंक और ऑटोमैटिक अपडेट जरूरत न होने पर सीमित किए जा सकते हैं. राउटर को घर के बीच और खुले जगह पर रखना भी मददगार हो सकता है. अगर लगातार कई डिवाइस पर 4K स्ट्रीमिंग, गेमिंग और बड़ी फाइल डाउनलोड जैसी गतिविधियां होती हैं तो ज्यादा स्पीड वाला प्लान और बेहतर क्षमता वाला राउटर फायदेमंद साबित हो सकता है.
Published at : 25 Sep 2026 04:36 PM (IST)
Tags :



