Airtel Subscriber Loss : Airtel के लिए यूजर्स को अपने साथ जोड़े रखना अब बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है. कंपनी ने अगस्त 2026 में 299 रुपये वाला प्रीपेड रिचार्ज प्लान बंद कर दिया था, जिसके बाद रोजाना डेटा वाले प्लान की शुरुआती कीमत 349 रुपये हो गई थी, हालांकि अब Airtel ने कुछ ही महीनों में अपना 299 रुपये वाला प्लान फिर से शुरू कर दिया है. कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब नए मोबाइल यूजर जोड़ने की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई है. सितंबर तिमाही में Airtel से जुड़ने वाले नए यूजर्स की संख्या जून तिमाही के मुकाबले 78 फीसदी घट गई. वहीं कंपनी का नेटवर्क छोड़ने वाले यूजर्स की संख्या में भी इजाफा हुआ है.
78% तक गिर गई नए यूजर्स की संख्या
Airtel के लिए सितंबर तिमाही में सबसे बड़ी चिंता नए मोबाइल यूजर्स को जोड़ने की रफ्तार रही. जून तिमाही में कंपनी ने 32.7 लाख नए मोबाइल यूजर जोड़े थे, लेकिन सितंबर तिमाही में यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 7.2 लाख रह गया. ऐसे में तीन महीने में नए यूजर्स के जुड़ने की संख्या में करीब 78 फीसदी की गिरावट आई. यह आंकड़ा बाजार के अनुमान से भी काफी नीचे रहा. ब्रोकरेज कंपनियों को उम्मीद थी कि Airtel इस तिमाही में 25 से 30 लाख नए मोबाइल यूजर जोड़ सकती है, लेकिन कंपनी इससे काफी पीछे रह गई. सितंबर तिमाही के अंत तक Airtel का कुल मोबाइल सब्सक्राइबर बेस 37.7 करोड़ रहा.
यूजर छोड़ने की रफ्तार भी बढ़ी
कंपनी के लिए परेशानी सिर्फ नए यूजर कम जुड़ने तक सीमित नहीं है. Airtel की मंथली चर्न रेट यानी हर महीने कंपनी छोड़ने वाले यूजर्स की दर भी बढ़ गई है. जून तिमाही में यह दर 2.6 फीसदी थी, जो सितंबर तिमाही में बढ़कर 2.9 फीसदी हो गई. जो हर महीने करीब 11 लाख अतिरिक्त यूजर्स के कंपनी छोड़ने के बराबर है. इसका असर कंपनी के प्रीपेड कारोबार पर भी दिखाई दिया. सितंबर तिमाही के दौरान Airtel के प्रीपेड यूजर्स की संख्या में अनुमानित 5 लाख की कमी आई.
यह भी पढ़ें – Nothing AI Device : स्मार्टफोन से आगे की तैयारी, Nothing बना रहा है स्क्रीनलेस AI डिवाइस
299 रुपये वाला प्लान बंद करना पड़ा भारी?
Airtel ने 12 अगस्त 2026 को अपना 299 रुपये वाला प्लान बंद कर दिया था. इस फैसले के बाद रोजाना डेटा वाले प्लान की शुरुआती कीमत 349 रुपये हो गई. ऐसे में यूजर्स को शुरुआती रिचार्ज के लिए करीब 17 फीसदी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा था. सिटी रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान कंपनी की प्रीमियम डाइजेशन रणनीति के चलते यूजर्स के कंपनी छोड़ने की दर बढ़ी. अब Airtel ने 299 रुपये वाला प्लान दोबारा शुरू किया है, लेकिन इसमें रोजाना मिलने वाला डेटा घटा कर 1GB कर दिया गया है. पहले कई यूजर्स को इसी कीमत पर डेली 1.5GB डेटा मिलता था.
यह भी पढ़ें – WhatsApp Chat Preview Feature: WhatsApp पर बिना चैट खोले पढ़ सकेंगे मैसेज, आ रहा नया फीचर



