सर्दियों का मौसम आते ही घरों में गर्म पानी की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में अगर आप भी नया गीजर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो बाजार में इसके लिए आपको कई ऑप्शन्स मिल जाएंगे. आजकल मार्केट में छोटे बाथरूम से लेकर बड़े परिवारों की जरूरत के हिसाब से कई तरह के गीजर मिलते हैं. इनमें इंस्टेंट गीजर, स्टोरेज गीजर, गैस गीजर और एनर्जी एफिशिएंट मॉडल शामिल हैं.
हालांकि, सही गीजर चुनने के लिए सिर्फ कीमत देखना काफी नहीं होता है. गीजर चुनने से पहले आपको उसकी क्षमता, बिजली की खपत, सुरक्षा फीचर्स और इस्तेमाल की जरूरत को भी अच्छी तरह देखना चाहिए. आइए जानते हैं आपके लिए कौनसा गीजर सबसे बेहतर होगा.
स्टोरेज गीजर हो सकता है बेस्ट
स्टोरेज गीजर भारतीय घरों में काफी लोकप्रिय हैं. इनमें पानी गर्म करने के लिए एक टैंक होता है, जिसमें गर्म पानी कुछ समय तक जमा रहता है. ये आमतौर पर 10, 15, 25 लीटर या उससे अधिक क्षमता में मिलते हैं. अगर आपके घर में कई लोग हैं और सभी को नहाने के लिए गर्म पानी चाहिए तो 15 से 25 लीटर का गीजर आपके लिए सही हो सकता है. अगर आपका छोटे परिवार है तो आपके लिए 10 से 15 लीटर का मॉडल बेहतर हो सकता है. स्टोरेज गीजर की खासियत यह है कि एक बार पानी गर्म होने के बाद जरूरत के समय उसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
इंस्टेंट गीजर भी फायदेमंद
अगर आपके घर में जगह कम है या गर्म पानी की जरूरत केवल हाथ-मुंह धोने, बर्तन साफ करने या थोड़े समय के लिए होती है, तो इंस्टेंट गीजर आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें पानी को स्टोर करने के बजाय जरूरत के अनुसार गर्म किया जाता है. ये आमतौर पर 1 से 3 लीटर की क्षमता वाले छोटे मॉडल में मिलते हैं. कुछ मॉडल अधिक क्षमता और ज्यादा पावर के साथ भी आते हैं. इनका आकार छोटा होता है और पानी गर्म करने में कम समय लगता है.
यह भी पढ़ें: Electric Kettle में Auto Shut-Off कैसे काम करता है? जानें टेक्नोलॉजी
गैस गीजर हो सकता है बेहतरीन विकल्प
गैस गीजर LPG या पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) से पानी गर्म करते हैं. इसमें पानी जल्दी गर्म हो जाता है और बिजली से पानी गर्म करने की जरूरत नहीं पड़ती. अगर आपके घर में गैस की सुविधा उपलब्ध है, तो आपके लिए यह एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. लेकिन इसकी इंस्टॉलेशन में सुरक्षा सबसे जरूरी है. गैस गीजर को बंद और बिना वेंटिलेशन वाले बाथरूम में नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि इससे कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस का खतरा होता है.
सोलर गीजर में बिजली की बचत
अगर आपके घर की छत पर पर्याप्त जगह और अच्छी धूप आती है तो आपके लिए सोलर वॉटर हीटर भी अच्छा विकल्प हो सकता है. यह सूर्य की एनर्जी से पानी गर्म करता है, जिससे बिजली की खपत कम होती है. हालांकि इसकी शुरुआती लागत अधिक होती है और बादल वाले दिनों में बैकअप हीटिंग की जरूरत पड़ सकती है.
गीजर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
गीजर का चुनाव हमेशा परिवार के सदस्यों और नहाने के तरीके के हिसाब चुनना बेहतर होता है. वहीं गीजर खरीदते हुए केवल कीमत नहीं बल्कि सुरक्षा फिचर्स पर ध्यान देना भी जरूरी होता है. गीजर खरीदने से पहले ISI मार्क, थर्मल कट-ऑफ और प्रेशर रिलीज वाल्व जैसे फीचर्स देखें. खरीदते वक्त गीजर की कीमत के साथ इंस्टॉलेशन खर्च, बिजली की खपत और सर्विस सुविधा भी जांचें.
यह भी पढ़ें: दिवाली पर लॉन्च होंगे ये स्मार्ट गैजेट्स! बाजार में मचाएंगे धूम



