स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. कॉलिंग से लेकर बैंकिंग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग और ऑफिस के काम तक, लगभग हर काम फोन से होता है. ऐसे में अगर फोन अचानक धीमा हो जाए, ऐप्स अटकने लगें या बैटरी नॉर्मल से ज्यादा तेजी से खत्म होने लगे तो हम अक्सर फोन को Restart कर देते हैं. लेकिन क्या फोन को समय-समय से Restart करना वाकई फायदेमंद है? आइए जानते हैं क्या है सच्चाई.
फोन Restart करने से क्या होता है?
जब आप फोन को Restart करते हैं तो ऑपरेटिंग सिस्टम दोबारा शुरू होता है और बैकग्राउंड में चल रहे प्रोसेस भी नए सिरे से लोड होती हैं. लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने के दौरान कई ऐप्स और सिस्टम प्रोसेस अस्थायी डेटा या मेमोरी का इस्तेमाल करते हैं. कभी-कभी इनमें कोई गड़बड़ी होने पर फोन का व्यवहार एबनॉर्मल हो सकता है. Restart करने से ऐसी कुछ समस्याएं दूर हो जाती हैं.
फोन की धीमी स्पीड में मिल सकती है राहत
अगर आपका फोन पहले के मुकाबले में ज्यादा स्लो हो गया है, ऐप खोलने में समय लग रहा है या स्क्रीन पर बार-बार लैग महसूस हो रहा है तो सबसे आसान तरीकों में से एक Restart है. इससे RAM में चल रहे प्रोसेस नए सिरे से शुरू हो जाते हैं. हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि Restart स्टोरेज खाली करने या पुराने फोन को अचानक नया बनाने का तरीका नहीं है. अगर समस्या लगातार बनी हुई है तो स्टोरेज, ऐप्स और सिस्टम अपडेट भी चेक करने चाहिए.
यह भी पढ़ें: VPN पर सरकार का बड़ा एक्शन! आने वाला है नया नियम, रिपोर्ट में हो गया खुलासा
ऐप्स और सिस्टम की छोटी गड़बड़ियां हो सकती हैं ठीक
कभी-कभी कोई ऐप अचानक क्रैश होने लगता है, नोटिफिकेशन देर से आते हैं या इंटरनेट कनेक्शन ठीक होने के बावजूद ऐप काम नहीं करता. ऐसी कंडिशन में फोन Restart करना मददगार साबित हो सकता है. इससे सिस्टम सर्विसेज दोबारा शुरू होती हैं और कई सॉफ्टवेयर से जुड़ी गड़बड़ियां अपने आप ठीक हो जाती हैं.
बैटरी से जुड़ी दिक्कतों में भी मदद
फोन की बैटरी तेजी से खत्म होने की वजह हमेशा खराब बैटरी नहीं होती. कई बार कोई ऐप या बैकग्राउंड प्रोसेस जरूरत से ज्यादा संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा होता है. Restart के बाद ये प्रोसेस फिर से शुरू होती हैं और अगर समस्या किसी प्रोसेस की वजह से थी तो बैटरी खपत नॉर्मल हो सकती है.
क्या रोज फोन Restart करना जरूरी है?
ऐसा नहीं है. नॉर्मली हर दिन फोन Restart करना जरूरी नहीं है. एडवांस Android और iPhone सिस्टम बैकग्राउंड प्रोसेस को खुद मैनेज करते हैं. अगर फोन अच्छे से काम कर रहा है तो सिर्फ आदत के तौर पर रोज Restart करने की जरूरत नहीं है. लेकिन फोन में लगातार लैग, ऐप क्रैश, कनेक्टिविटी समस्या या कोई छोटी-मोटी सिस्टम गड़बड़ी नजर आए तो Restart एक आसान तरीका माना जाता है.
यह भी पढ़ें: Google Account की ये 5 सेटिंग्स अभी बदलें! वरना हो सकता है बड़ा नुकसान



