पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की कोलकाता पर हमले की गीदड़भभकी पर रविवार (5 अप्रैल, 2026) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जगदंबिका पाल ने जोरदार पलटवार किया है. उन्होंने पाकिस्तान को हकीकत का आईना दिखाते हुए कहा कि उसकी हालत बेहद खराब है और इससे ध्यान भटकाने के लिए ख्वाजा आसिफ ने इस तरह का बयान दिया है. दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार (4 अप्रैल, 2026) को कहा था कि अगर भारत ने कोई नाटकीय साजिश के तहत ऑपरेशन किया तो पाकिस्तान सीधे कोलकाता पर हमला करेगा.
महंगाई के खिलाफ पाकिस्तान में सड़कों पर हैं लोगः जगदंबिका पाल
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पाकिस्तान में लोग महंगाई के खिलाफ सड़कों पर हैं. 560 रुपये लीटर में पेट्रोल-डीजल मिल रहा है. UAE अपना 2.5 अरब डॉलर उधार पाकिस्तान से मांग रहा है. उसके पास लोन का ब्याज चुकाने का पैसा नहीं है. पाकिस्तान में वेतन देने का पैसा नहीं है और इस बीच सिर्फ पाकिस्तान की जनता का अपनी असफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए ख्वाजा आसिफ ने इस तरह का बयान दिया है.
कोलकाता के लिए ही ऐसा क्यों कहा गया?- नाना पटोले
वहीं, ख्वाजा आसिफ के बयान पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि अभी चुनाव का प्रक्रिया चल रही है और भाजपा के साथ जुड़े लोगों के जरिए जानबूझकर ऐसे बयान फैलाए जा रहे हैं. कोलकाता के लिए ही ऐसा क्यों कहा गया? दिल्ली के लिए ऐसा क्यों नहीं कहा गया? क्योंकि वहां चुनाव नहीं हैं. उन्होंने कहा कि इन अफवाहों में जनता न फंसे.
जबकि सीनियर एडवोकेट और पूर्व सांसद माजिद मेमन ने कहा कि चाहे पाकिस्तान के रक्षा मंत्री हों या कोई और नेता, ऐसे बयान देना सही नहीं है. पाकिस्तान को अपनी हद में रहना चाहिए और जहां तक हो सके भारत के साथ अच्छे संबंध रखने चाहिए.
पाकिस्तान में भारत को चुनौती देने की हिम्मत नहीं- प्रतुल शाह देव
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा, ‘क्या पाकिस्तान में भारत को चुनौती देने की हिम्मत है? ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब हमने उनके इलाके में हमला किया तो वे यह नहीं भूले होंगे कि हमने कैसे आतंकवादियों के पूरे परिवारों को खत्म कर दिया था.’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान गिड़गिड़ा कर संघर्ष रोकने की अपील करने लगा था. ऑपरेशन सिंदूर को हमने अपनी शर्तों पर रोका था. कोलकाता इनकी पहुंच से बाहर है, लेकिन हम जिस दिन चाहेंगे पाकिस्तान के किसी भी कोने को निशाना बना सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः TMC ने उर्दू में जारी किया मेनिफेस्टो तो भड़के ओवैसी, कहा- मुसलमानों को लेकर ममता बनर्जी का दोहरा चरित्र



