आंध्र प्रदेश के लिए अमरावती शहर को राजधानी घोषित किए जाने पर लोगों में खुशी का माहौल है. राज्य विधानसभा ने इस संबंध में बिल को सर्वसम्मति से पारित कर दिया है. अब इस बिल को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा और केंद्र की मंजूरी और राष्ट्रपति के अनुमोदन के बाद अमरावती आधिकारिक रूप से आंध्र प्रदेश की राजधानी बन जाएगी.
किसान समिति के सदस्यों ने जताई खुशी
इसको लेकर लैंड पूलिंग किसानों की समिति के सदस्य ने खुशी जाहिर की है. खुशी जाहिर करने वालों में डॉ. एम. श्रीनिवास, राजशेखर रेड्डी जी और सत्यनारायण मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि हम सभी आंध्र प्रदेश के लैंड पूलिंग किसानों की समिति के सदस्य हैं. आज हम सभी बहुत खुश हैं, क्योंकि लगभग 10 सालों के बाद हमारा सपना पूरा होने जा रहा है.
हमारे लिए गर्व और खुशी का क्षण: किसान समिति के सदस्य
इसके अलावा उन्होंने कहा कि नए आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में अमरावती शहर की घोषणा होना हम सभी के लिए गर्व और खुशी का विषय है. आज आंध्र प्रदेश विधानसभा ने इस संबंध में बिल को सर्वसम्मति से पारित किया है. अब यह बिल जैसे ही केंद्र सरकार के पास जाएगा और माननीय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल, तथा लोकसभा और राज्यसभा में इसे मंजूरी मिल जाएगी, उसके बाद माननीय राष्ट्रपति के अनुमोदन के साथ इसे आधिकारिक रूप से अधिसूचित (नोटिफाई) कर दिया जाएगा. उस दिन से आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी अमरावती ही होगी.
मुख्यमंत्री समेत पीएम मोदी का जताया आभार
इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत गृहमंत्री का भी आभार जताया. उन्होने कहा कि हम सभी माननीय प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और इस निर्णय में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं.
यह भी पढ़ें: ‘हर 2 मिनट में उड़ेगा एक जहाज, सपा ने नोएडा को बनाया लूट का ATM’, जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर बोले PM मोदी



