Monday, March 30, 2026
spot_img
HomeBusinessपाकिस्तान-नेपाल कनेक्शन से दिल्ली में हथियार सप्लाई! दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 10...

पाकिस्तान-नेपाल कनेक्शन से दिल्ली में हथियार सप्लाई! दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 10 तस्कर दबोचे

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह के तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अत्याधुनिक सब-मशीन गन, 20 विदेशी पिस्टल और करीब 200 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गैंगस्टरों को सप्लाई करते थे हथियार 

क्राइम ब्रांच के मुताबिक यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई राज्यों में गैंगस्टरों और अपराधियों को अत्याधुनिक विदेशी हथियार सप्लाई कर रहा था. बरामद हथियारों में चेक गणराज्य की स्कॉर्पियन सब-मशीन गन, इटली की बेरेटा पिस्टल, जर्मनी की वाल्थर, ब्राजील की टॉरस, तुर्किये की स्टोएगर और चीन में बनी पिस्टल शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक कुछ हथियार इतने आधुनिक हैं कि उनका इस्तेमाल आम तौर पर स्पेशल फोर्सेज करती हैं.

दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा 

दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि इस गिरोह का मुख्य नेटवर्क पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद और वॉल्ड सिटी इलाके से संचालित हो रहा था. यहां की तंग गलियों और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी हथियार छिपाने और आगे सप्लाई करने का काम करते थे. क्राइम ब्रांच को इस नेटवर्क की जानकारी मिलने के बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से कई दिनों तक आरोपियों पर नजर रखी गई. 13 मार्च को पुलिस ने दरियागंज के बृजमोहन चौक के पास जाल बिछाकर तीन आरोपियों राहिल, हाशिम और साइम को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए.

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा 

दिल्ली पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए, जिसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद के सोनू गुप्ता समेत कई अन्य लोगों को अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया. सोनू गुप्ता के बैग से पांच विदेशी पिस्टल और 95 कारतूस मिले. गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर पिस्टल तानने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे काबू कर लिया. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर घनश्याम शर्मा, वसीम मलिक, निशांत अरोड़ा, नवाब, नौमान और नौशाद को भी गिरफ्तार किया. नौशाद के पास से चेक गणराज्य में बनी स्कॉर्पियन सब-मशीन गन बरामद हुई.

शाहबाज अंसारी विदेश में बैठकर चला रहा है नेटवर्क 

पुलिस के अनुसार इस पूरे नेटवर्क का सरगना शाहबाज अंसारी है, जो पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है. वह फिलहाल विदेश में छिपकर अपने साथियों के जरिए इस गिरोह को चला रहा है. जांच एजेंसियों के मुताबिक शाहबाज अंसारी का नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी सामने आ चुका है.  पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पिछले कई महीनों में करीब 70 से ज्यादा विदेशी हथियार अलग-अलग अपराधी गिरोहों को सप्लाई कर चुका है. फिलहाल क्राइम ब्रांच इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी कनेक्शन की जांच कर रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments