यूएस इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग के बीच पश्चिमी एशिया में तनाव चरम पर है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (18 मार्च) को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से फोन पर बातचीत की और उनको आने वाले ईद के त्योहार की बधाई दी. इसके साथ ही दोनों के बीच में पश्चिमी एशिया के हालिया घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा हुई. पीएम मोदी ने कुवैत पर हुए हमलों की निंदा को दोहराया.
प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी. उन्होंने कहा, हमारे बीच में पश्चिमी एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा हुई और हाल में हुई घटनाओं को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की भारत की निंदा दोहराई. साथ ही इलाके में शांति और स्थिरता को जरूरी बताया. पीएम ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद भी दिया.
होर्मुज स्ट्रेट पर हुई बात
वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते शिपिंग प्रभावित हुई है, जिससे दुनिया भर में गैस और तेल की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है. होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित और फ्री नेविगेशन को सुनिश्चित करने को लेकर भी दोनों के बीच में बातचीत हुई. प्रधानमंत्री ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और फ्री नेविगेशन पक्का करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
पीएम मोदी ने एक्स पर किया पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘हमने पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर अपने विचार शेयर किए और हाल के घटनाक्रमों पर चिंताएं साझा कीं. कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की भारत की निंदा दोहराई. होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित और फ्री नेविगेशन पक्का करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. हम इस बात पर सहमत हुए कि इलाके की शांति और स्थिरता के लिए लगातार डिप्लोमैटिक जुड़ाव जरूरी है. मैंने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई के लिए लगातार सपोर्ट के लिए उन्हें धन्यवाद दिया.’



