Telangana News: तेलंगाना के हैदराबाद शहर के बोराबांडा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया. इस घटना में एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही बच्चों की जान लेने की कोशिश की और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली.
जानकारी के मुताबिक, बोराबांडा निवासी मुरली वेणु की शादी सत्यवती से हुई थी. दंपति के दो बच्चे थे पांच साल का बेटा रुद्रन और दो साल की बेटी तन्वीका. मुरली वेणु बिजली विभाग में लाइनमैन के तौर पर काम करते थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे.
इस बात को लेकर दोनों के बीच हुई कहासुनी
घटना वाले दिन सत्यवती नहाने के लिए गैस स्टोव पर पानी गर्म कर रही थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई. उसी दिन उनकी शादी की सालगिरह भी थी. सत्यवती ने पति से बच्चों के साथ बाहर जाने की इच्छा जताई, लेकिन मुरली वेणु ने काम का हवाला देकर मना कर दिया और अपने पिता को इलाज के लिए अस्पताल ले गए.
जब वह वापस घर लौटे, तो दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ. इस दौरान सत्यवती ने कथित तौर पर एक बड़ा और खतरनाक कदम उठाया. उसने अपने दोनों बच्चों का गला घोंटने की कोशिश की. इसके बाद जब उसे लगा कि बच्चे सांस नहीं ले रहे हैं तो उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच साल के रुद्रन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो साल की तन्वीका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मुरली वेणु से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना केवल पति-पत्नी के विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और कारण भी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.



