Monday, March 16, 2026
spot_img
HomeBusiness‘देश हित में सरकार का स्टैंड सही, शांति ही...’, हरियाणा में बोले...

‘देश हित में सरकार का स्टैंड सही, शांति ही…’, हरियाणा में बोले RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

हरियाणा के पानीपत जिले के पट्टीकल्याण स्थित माधव सृष्टि केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा रविवार (15 मार्च, 2026) को संपन्न हो गई. समापन सत्र के बाद सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए देश-दुनिया के ज्वलंत मुद्दों, संगठन के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर संघ का पक्ष रखा.

पड़ोसी देशों और वैश्विक संघर्ष पर संघ का दृष्टिकोण

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईरान के प्रति भारत के रुख पर पूछे गए सवाल के जवाब में होसबाले ने कहा, ‘हमें पूर्ण विश्वास है कि भारत सरकार देश के हितों को ध्यान में रखकर सही कदम उठा रही है. संघ का मानना है कि विश्व में शांति स्थापित होनी चाहिए.’

पड़ोसी देशों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और नेपाल में हालिया राजनीतिक उथल-पुथल के बाद बनी नई सरकारों के साथ भारत के संबंध प्रगाढ़ होने चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे एशिया की सुरक्षा और विकास के लिए इन देशों में स्थिरता अनिवार्य है. हालांकि, उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा पर चिंता भी व्यक्त की.

‘सिर्फ संघी ही देशभक्त हैं, ऐसा हमारा दावा नहीं’- होसबाले

राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगाते हुए सरकार्यवाह ने कहा, ‘संघ कभी नहीं कहता कि केवल उसके कार्यकर्ता ही देशभक्त हैं. देशभक्ति किसी की बपौती नहीं है.’ भाजपा के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने संघ की विचारधारा को अपनाया है, जबकि अन्य दलों ने अपने दरवाजे बंद रखे. इसी कारण संघ के विचार रखने वाले लोग राजनीति में जाकर देश सेवा कर रहे हैं.

संगठन का विस्तार और समावेशिता

बैठक में प्रस्तुत वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में संघ की शाखाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. इसके मुताबिक, पिछले एक साल में कुल 88,949 शाखाएं आयोजित की गई, जो उसके पिछले साल लगी शाखाओं से 5,820 अधिक हैं.

मुस्लिम और महिला भागीदारी पर होसबाले ने स्पष्ट किया कि कोई भी मजहब का व्यक्ति भगवा ध्वज को प्रणाम कर संघ से जुड़ सकता है. उन्होंने बताया कि शाखा के प्रत्यक्ष कार्य के अलावा संघ के अन्य प्रकल्पों में महिलाएं बड़ी संख्या में सक्रिय हैं.

हरियाणा बनेगा उत्तर भारत का ‘नागपुर’

उन्होंने कहा कि संघ ने हरियाणा को उत्तर भारत के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है. 25 एकड़ में फैले पट्टीकल्याण के माधव सृष्टि केंद्र को नागपुर मुख्यालय की तर्ज पर अपग्रेड किया जाएगा. इसकी आधारशिला 8 साल पहले सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने रखी थी.

शताब्दी वर्ष और सामाजिक समरसता

उन्होंने कहा कि साल 2025-26 में संघ अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है. इस उपलक्ष्य में समरसता का संदेश देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिसमें गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी पर्व और संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती शामिल है.

पंजाब और गौ सेवा पर बोले होसबाले

पंजाब को लेकर रणनीति उन्होंने कहा कि सिखों और हिंदुओं के नख-मांस (नाखून और मांस) जैसे अटूट रिश्ते को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सिख संगत को नए सिरे से सक्रिय किया जाएगा. गौ सेवा पर होसबाले ने अपील की कि गाय को सिर्फ दूध के लिए न पालें, बल्कि उसके मूत्र और गोबर की उपयोगिता को समझें ताकि सड़कों पर बेसहारा गोवंश की समस्या खत्म हो सके. जबकि UGC विवाद पर सरकार्यवाह ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इस कारण संघ इस पर टिप्पणी नहीं करेगी.

यह भी पढ़ेंः असम विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने जारी की 14 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, देखें किसे-किसे मिला मौका

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments