एक तरफ अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा है तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी सैन्य संघर्ष तेज होता नजर आ रहा है.
पाकिस्तान ने हाल में अफगानिस्तान पर हवाई हमले किए, जिसमें कई नागरिकों की मौत के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा था. इस पर भारत की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है. भारत ने पड़ोसी मुल्क की इस हरकत की कड़ी निंदा की है.
पाकिस्तान के हवाई हमलों पर भारत का बयान
विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में भारत ने इन हमलों को अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक आक्रामक कृत्य करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है. बयान में कहा गया कि पाक की ओर से किए गए हवाई हमलों में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है. भारत ने इन हमलों में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया.
पाकिस्तान की सत्ता पर साधा निशाना
पाकिस्तान की सत्ता पर सीधा हमला बोलते हुए कहा गया है कि यह कार्रवाई पाकिस्तानी शासन के उस शत्रुतापूर्ण रवैये को दर्शाती है, जो वह एक स्वतंत्र और संप्रभु अफगानिस्तान के प्रति रखता है. भारत ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए दोहराया है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता का हर हाल में पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए. भारत लंबे समय से अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता का पक्षधर रहा है और पड़ोसी देशों द्वारा उसकी सीमाओं के उल्लंघन को क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा मानता है.
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘भारत अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई नागरिकों की मौत हुई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. यह संप्रभु अफगानिस्तान के विचार के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया रखने वाली पाकिस्तानी सत्ता का एक और आक्रामक कृत्य है. भारत दोहराता है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए.’
Our response to media queries on recent attacks by Pakistan on Afghanistan ⬇️
🔗 https://t.co/jXBxyOlsfl pic.twitter.com/mvVnVvaUZ9
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) March 14, 2026



