आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है. वेटलापालेम क्षेत्र में गोदावरी नहर के पास स्थित सूर्यश्री फायर वर्क्स केंद्र में शनिवार (28 फरवरी 2026) को दोपहर करीब 2 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट के बाद भारी आग लग गई और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया. विस्फोट के समय पटाखा फैक्ट्री में करीब 20 लोग काम कर रहे थे
फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पहुंची
स्थानीय लोगों के अनुसार धमाके की आवाज लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. धमाके की तीव्रता के कारण पास के गांव में स्थित एक निजी स्कूल की छत (स्लैब) में दरारें पड़ गईं. सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीम दो फायर इंजनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है. गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट कर इस घटना पर दुखा व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, ‘काकीनाडा जिले के वेटलापलेम स्थित बनासांचा मैन्युफैक्चरिंग सेंटर में हुए विस्फोट की घटना से गहरा सदमा लगा है. इस हादसे में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है. मैंने इस घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है. प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. हम राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.’
18 की मौत कई की हालत गंभीर: वंगालापुडी अनीता
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने कहा कि काकिनाडा जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. गृह मंत्री ने आशंका जताई कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. उन्होंने बताया कि कई लोगों को गंभीर स्थिति में अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.



