गुरमितकल पुलिस ने सोमवार (23 फरवरी) को विजयपुरा के विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ केस दर्ज कराया है. विधायक पर गुरमितकल शहर में शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के प्रोग्राम के दौरान अपने भाषण में एक खास कम्युनिटी को टारगेट करने का आरोप है, जिसे लेकर उनके खिलाफ हेट स्पीच का केस दर्ज किया गया है.
विधायक यतनाल पर खास समुदाय को टारगेट करने का आरोप
पुलिस कांस्टेबल शिवरामरेड्डी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई. एफआईआर के मुताबिक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के दिन शिवाजी की तस्वीर को शहर के बस स्टैंड के पास नागरेश्वर सर्कल से एक जुलूस में लाया गया था, जहां यतनाल ने भाषण दिया था. दर्ज FIR में कहा गया है कि यतनाल जो प्रोग्राम में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल हुए थे, उन्होंने एक कवि के कहे हुए हिंदी वाक्य को कोट करके एक खास समुदाय को टारगेट करने का काम किया.
गांधी-नेहरू पर भी किया कमेंट
एफआईआर में यह भी कहा गया है कि विधायक यतनाल ने अपने भाषण में महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू पर भी कमेंट किया था और कहा था कि महात्मा गांधी भारत के राष्ट्रपति नहीं थे, बल्कि वे पाकिस्तान के राष्ट्रपति थे. इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा था कि नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री नहीं थे बल्कि वे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री थे.
बीजेपी से निष्कासित विधायक बसनगौडा पाटिल यतनाल का भाषण सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और इस बात पर बहस हुई कि उन्होंने एक खास समुदाय को टारगेट करते हुए हेट स्पीच दी थी. FIR में आगे कहा गया है कि कांस्टेबल की रिपोर्ट के आधार पर कानूनी जानकारों से राय लेने के बाद FIR दर्ज की गई. बता दें कि ये मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196, 299, 302, 302, 352 और 353 के तहत दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें



