Neha Singh Profile: दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में एक तकनीकी प्रदर्शन ने अचानक नेहा सिंह की पहचान को सुर्खियों में ला दिया. समिट के दौरान एक रोबोटिक कुत्ते के प्रदर्शन का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया और विशेषज्ञों ने यह सवाल उठाया कि नेहा सिंह कौन हैं और उनका गलगोटिया यूनिवर्सिटी से क्या संबंध है. तो आइये जानते हैं कि नेहा सिंह कौन हैं:
जाने कौन हैं नेहा सिंह
DNA की रिपोर्ट के अनुसार, नेहा सिंह गलगोटिया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और अगस्त 2023 से यहां काम कर रही हैं. वे विश्वविद्यालय की तरफ से कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करती हैं और अलग-अलग अकादमिक और तकनीकी मंचों में हिस्सा लेती रहती हैं. नेहा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु और COER रुड़की से की. उन्होंने 2020 में BITS पिलानी, हैदराबाद कैंपस से पीएचडी पूरी की.इसके अलावा नेहा सिंह ने ABV-IIITM ग्वालियर से कंप्यूटर विज्ञान में एमटेक भी किया है.
जानें क्या था विवाद
विवाद तब शुरू हुआ जब इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में नेहा सिंह ने चार-पैर वाला रोबोटिक कुत्ता “ओरायन” दिखाया. उन्होंने बताया कि यह रोबोट विश्वविद्यालय के उत्कृष्टता केंद्र ने बनाया है और इसे 350 करोड़ रुपये के निवेश से जोड़ा गया है. वीडियो वायरल होने के बाद तकनीकी विशेषज्ञों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स के Unitree Go2 रोबोट जैसा बताया. यह रोबोट दुनिया में केवल ₹2–3 लाख की कीमत में उपलब्ध है.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रतिक्रिया
जैसे-जैसे आलोचना बढ़ी तो गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह रोबोट नहीं बनाया और न ही ऐसा दावा किया गया. प्रशासन ने बताया कि यह रोबोट छात्रों के लिए सीखने का साधन है और इसे “कक्षा में चलने वाला उपकरण” कहा.



