कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के भरमसागर गांव स्थित DVS Residential School में 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार छात्र ने कथित तौर पर हॉस्टल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. मामले में स्कूल प्रशासन, वार्डन, प्रिंसिपल और कक्षा 10 के एक छात्र के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है. मृतक की पहचान कोटरेश के रूप में हुई है, जो भरमसागर होबली के करियम्मना हल्ली गांव का निवासी था और स्कूल में एसएसएलसी (कक्षा 10) का छात्र था.
कोटरेश के पिता गुरुलिंगैया की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार 15 फरवरी 2026 की रात को कोटरेश का अपने सहपाठी चेतन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान चेतन ने उसे चप्पल से मारा और लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, अगली सुबह 16 फरवरी 2026 को करीब 7:15 बजे छात्र ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्र के गिरने की तस्वीरें कैद हुई हैं. फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया गया है.
पोस्टमार्टम और जांच जारी
घटना के बाद छात्र को भरमसागर अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल प्रशासन, वार्डन, प्रिंसिपल और संबंधित छात्र के खिलाफ लापरवाही से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है. भरमसागर पुलिस निरीक्षक प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा कर निरीक्षण किया. पुलिस यह जांच कर रही है कि छात्र की मौत आत्महत्या थी या किसी अन्य परिस्थितियों में हुई. मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है.
NCRB की रिपोर्ट
NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में आत्महत्या के मामले चिंताजनक रूप से बढ़ रहे हैं. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के 2021 और 2022 के आंकड़ों के अनुसार, देश में हर साल बड़ी संख्या में लोग अपनी जान दे रहे हैं. यह एक गंभीर सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा बन चुका है. आंकड़ों के अनुसार आत्महत्या करने वालों में पुरुषों की संख्या महिलाओं से कहीं अधिक है. अनुपात लगभग 70:30 से भी ज्यादा है. इसका मतलब है कि हर 10 मामलों में लगभग 7 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं.



