Wednesday, February 11, 2026
spot_img
HomeBusinessWest Bengal: BJP विधायक की पत्नी की गाड़ी पर हमला, काली पूजा...

West Bengal: BJP विधायक की पत्नी की गाड़ी पर हमला, काली पूजा के कार्यक्रम में जाते समय हुई घटना

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बनगांव में बीजेपी विधायक की पत्नी की गाड़ी पर हमले का सनसनीखेज आरोप सामने आया है. बनगांव उत्तर से बीजेपी विधायक अशोक कीर्तनियां की पत्नी मौमिता कीर्तनियां काली पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तभी उनकी गाड़ी को गोपालनगर के बेलेडांगा इलाके में घेर लिया गया.

बीजेपी विधायकों का आरोप है कि सशस्त्र लोगों के एक समूह ने लाठी, रॉड और बांस से गाड़ी पर हमला किया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों के सिरों पर आग लगाकर गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की. इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.

50–60 लोगों ने किया हमला- रिंकू बैरागी

बनगांव दक्षिण से बीजेपी विधायक स्वप्न मजूमदार की सास रिंकू बैरागी ने आरोप लगाया कि करीब 50 से 60 लोग सड़क पर खड़े थे. उनके हाथों में रॉड और हथियार थे. लाठियों के सिरों पर आग लगी हुई थी और गाड़ी को जलाने की योजना थी. उन्होंने बताया कि गाड़ी पर बेरहमी से हमला किया गया और गालियां भी दी गईं. उनका दावा है कि यह एक बड़ी साजिश थी.

तृणमूल पर लगाया आरोप

बनगांव दक्षिण बीजेपी विधायक स्वप्न मजूमदार ने कहा कि विधायक की गाड़ी को टारगेट कर तृणमूल के कुछ असामाजिक तत्वों ने बिना कुछ सुने ही शीशों पर ईंट और रॉड से हमला किया. वहीं, बनगांव उत्तर बीजेपी विधायक अशोक कीर्तनियां ने आरोप लगाया कि गाड़ी में बैठे दो लोगों को जिंदा जलाने की साजिश रची गई थी. उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने उचित व्यवस्था नहीं की तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की होगी.

तृणमूल ने आरोपों को किया खारिज

इस पूरे मामले पर तृणमूल कांग्रेस ने हमले से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है. तृणमूल बनगांव संगठनात्मक जिला अध्यक्ष विश्वजीत दास ने कहा कि कुछ दिन पहले इलाके में एक व्यक्ति ने आत्महत्या की थी, जिसके बाद विधायक वहां नहीं पहुंचे थे. स्थानीय लोग उनसे सवाल पूछने गए थे.

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विधायक के बेटे ने गाड़ी से उतरकर लोगों से मारपीट की, जिसके बाद स्थानीय लोग भड़क गए और स्थिति बिगड़ गई. तृणमूल का कहना है कि इस घटना में राजनीति का कोई संबंध नहीं है. घटना के बाद गोपालनगर इलाके में तनाव फैल गया. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में किया गया. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments