असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति चरम पर है. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की ओर से लगाए गए पाकिस्तान कनेक्शन के आरोपों पर पलटवार किया है. गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर एसआईटी रिपोर्ट को दबाने और उनके नाबालिग बच्चों को राजनीतिक विवाद में घसीटा. गौरव गोगोई की 2013 की पाकिस्तान यात्रा पर असम के सीएम ने सवाल उठाया है उनके वीजा अनुमति पर सवाल उठाया.
असम के सीएम का गौरव गोगोई पर निशाना
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, ‘गौरव गोगोई ने एक ऐसा खुलासा किया, जिसके बारे में मुझे भी पहले पता नहीं था कि तक्षशिला इस्लामाबाद में नहीं, बल्कि पंजाब के रावलपिंडी जिले में है. गौरव गोगोई के पाकिस्तान वीजा में सिर्फ लाहौर, कराची और इस्लामाबाद जाने की अनुमति थी. ऐसे में सवाल उठता है कि वह तक्षशिला कैसे गए, जो सीधे रावलपिंडी जिले में आता है और इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी के बाहर है.
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि रावलपिंडी में पाकिस्तान सेना का जनरल हेडक्वार्टर (जीएचक्यू) भी स्थित है. उन्होंने कहा, ‘रावलपिंडी हाई-सिक्योरिटी जिला है और आम नागरिक बिना विशेष अनुमति वहां नहीं जा सकते. ऐसे में यह दौरा केवल किसी संस्थागत व्यवस्था के जरिए ही संभव हो सकता था.’ असम के सीएम ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताते हुए कहा कि गौरव गोगोई की मदद करने वाले की पहचान होनी चाहिए.
राजनीतिक शिष्टाचार की सभी हदें पार: गौरव गोगोई
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के बयान को अस्वीकार्य और राजनीतिक शिष्टाचार की सभी हदें पार करने वाला बताया. उन्होंने कहा, ‘असम के सीएम ने जिस एसआईटी रिपोर्ट का हवाला दिया था उसे 6 महीने के लिए दबा दिया गया क्योंकि सरकार ये साबित करने में असफल रही थी कि उनका पाकिस्तान से कोई नाता है.’
गोगोई ने पूछा, ‘अगर यह वाकई राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला था तो वह (हिमंता बिस्वा सरमा) छह महीने तक क्यों बैठे रहे?’ उन्होंने कहा, सच तो ये है कि एसआईटी की रिपोर्ट में उनके आरोपों को साबित करने के लिए कुछ भी नहीं है. असम में कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता के कारण ये सब किया जा रहा है. जब हमने खुलासा किया कि 12,000 बीघा जमीन उनके परिवार के पास है, तभी उन्होंने यह नाटक रचा.’
पाकिस्तान से संबंधों के दावे को खारिज किया
हिमंता बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया है कि गौरव गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच गहरा संबंध है. उन्होंने दावा किया है कि संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजी गई होगी. उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि गोगोई ने 2013 में पाकिस्तान की सीक्रेट यात्रा की थी और संभवतः वहां ट्रेनिंग ली थी. गोगोई ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, ‘मेरी पत्नी काम के सिलसिले में पाकिस्तान गई थीं. मैं 2013 में 10 दिन की यात्रा पर उनके साथ गया था. इसमें कुछ भी सीक्रेट या गैरकानूनी नहीं था.’
गौरव गोगोई की असम के सीएम को चेतावनी
गौरव गोगोई ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई सख्ती से नेताओं के बीच लड़ी जानी चाहिए और इसमें बच्चों को कभी भी शामिल नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने अपने पांच साल और नौ साल के बच्चों के बारे में की गई टिप्पणियों पर दुख व्यक्त किया और कहा कि ऐसी बातों की सार्वजनिक चर्चा में कोई जगह नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी हरकतें जारी रहीं तो वह इस मुद्दे को आखिर तक ले जाएंगे. गौरव गोगोई ने सीएम सरमा को व्यक्तिगत मामलों को और आगे न बढ़ाने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके बच्चों से संबंधित जानकारी का खुलासा करने की हद पार कर दी है.
कांग्रेस सासंद गौराव गोगोई ने आरोप लगाया कि जानबूझकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है. उन्होंने कहा, ‘यह मुद्दा इतना गंभीर है कि सुप्रीम कोर्ट का ध्यान आकर्षित करने लायक है और सुझाव दिया कि शीर्ष अदालत को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. गोगोई ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मुझे ऐसी स्थिति में मजबूर न करें, जहां मुझे जवाब देना पड़े.



