Thursday, February 12, 2026
spot_img
HomeBusinessगांधी सरनेम, कब्र, नेहरू-इंदिरा तक, राज्यसभा में 97 मिनट बोले PM मोदी,...

गांधी सरनेम, कब्र, नेहरू-इंदिरा तक, राज्यसभा में 97 मिनट बोले PM मोदी, राहुल गांधी ने 4 लाइन में दिया जवाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (5 फरवरी 2026) को राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दल लगातार मिली चुनावी हार को पचा नहीं पा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके प्रति गहरी नफरत रखने के बावजूद कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा क्योंकि करोड़ों भारतीयों का आशीर्वाद उनका कवच है.

प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्षी दल की ओर से डाले गए व्यवधान पर खेद जताया और कहा कि यह न केवल एक आदिवासी और महिला राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि उनके सर्वोच्च संवैधानिक पद और भारत के संविधान का भी अपमान है. पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें संविधान के बारे में बात करने का कोई हक नहीं है.

पीएम मोदी ने किया घुसपैठियों का जिक्र

उन्होंने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर राहुल गांधी की ‘गद्दार’ टिप्पणी की भी निंदा की और इसे पूरे सिख समुदाय का अपमान बताया. पीएम मोदी ने कहा कि यह सिखों के प्रति कांग्रेस की नफरत को दिखाता है. उन्होंने कहा कि लोगों को अपमानित करना कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा है.

प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. राज्यसभा ने विपक्षी सदस्यों की अनुपस्थिति में ध्वनि मत से धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया. विपक्ष के सदस्य प्रधानमंत्री का भाषण शुरू होने के कुछ ही देर बाद सदन से बाहर चले गए थे.

उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण को बाधित करने की कोशिश करते हुए पहले नारे भी लगाए. पीएम मोदी ने 97 मिनट के अपने अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि वह देश के विकास के लिए कोई दृष्टि देने में विफल रही और केवल ‘शाही परिवार’ के हितों की सेवा करते हुए अपने खजाने भरती रही.

कांग्रेस ने महात्मा गांधी का सरनेम चुराया: पीएम मोदी

उन्होंने कांग्रेस के प्रथम परिवार पर महात्मा गांधी का सरनेम ‘चुराने’ का आरोप लगाया. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाकर कांग्रेस उनके प्रति गहरी नफरत को प्रदर्शित कर रही है. उन्होंने कहा कि इस तरह की नारेबाजी के बावजूद उनके जन कल्याणकारी उपाय जारी रहेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके लिए मौत की कामना कर रही है क्योंकि उसके पास कोई और विकल्प नहीं बचा है. उन्होंने कहा, ‘नारे कितने ही लगा लो, कब्र तुम नहीं खोद पाओगे.’ उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों, माताओं और बहनों का आशीर्वाद ही उनका कवच है.’

पीएम को राहुल गांधी का जवाब

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली. खैर, जो उचित समझा, वही किया.’

नेहरू-इंदिरा का जिक्र कर क्या बोले पीएम?

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं एक बात बताना चाहता हूं, जब मेरा जन्म नहीं हुआ था, उसके पहले सरदार वल्लभभाई पटेल ने नर्मदा नदी पर बांध बांधने की कल्पना की थी. विषय तो पक्का हो गया, सरदार साहब नहीं रहे. नेहरू ने शिलान्यास किया, लेकिन उसका उद्घाटन मैंने किया जब मैं प्रधानमंत्री बना… ये इनका (कांग्रेस) हाल है.’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इंदिरा गांधी जिस प्लानिंग कमीशन की धज्ज्यियां उड़ा रही थीं उसके जन्मदाता उनके पिता जी (जवाहर लाल नेहरू) थे. 2014 तक सब प्लानिंग कमीशन के देख रहे थे, लेकिन कोई उसे सुधारने की बात नहीं कर रहा था. कांग्रेस ने जिस तरह से प्लानिंग कमीशन अटकाना, लटकाना, भटकाना वाली कार्यशैली बना दी थी, 2014 में जब हमें मौका मिला तो हमने आकर काम किया और प्लानिंग कमीशन को खत्म कर दिया और नीति आयोग बनाया.’

विपक्ष देता है रोजाना गाली: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष उन्हें रोजाना गालियां देते हैं क्योंकि वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि उनके जैसा एक गरीब आदमी सर्वोच्च पद पर कैसे आसीन है और अभी भी पद पर बना हुआ है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल उनकी कब्र खोदना चाहते हैं क्योंकि उन्होंने अनुच्छेद-370 हटाया, पूर्वोत्तर में हिंसा और आतंकवाद का अंत किया, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की और ऑपरेशन सिंदूर चलाया.

उन्होंने कहा, ‘एक तरफ मैं देश के युवाओं के लिए नए रास्ते तैयार करने की कोशिश कर रहा हूं. वहीं कांग्रेस पीएम मोदी की कब्र खोदने का कार्यक्रम आयोजित कर रही है. क्या यह संविधान का अपमान नहीं है? क्या यह मानवता का अपमान नहीं है? क्या यह सार्वजनिक जीवन की गरिमा का अपमान नहीं है? लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है.’

‘क्यों खोदना चाहते पीएम की कब्र?’

उन्होंने कहा कि 2014 में उनके सत्ता में आने के बाद से संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं रहा जब मोदी को गाली न दी गई हो. पीएम ने कहा, ‘अगर कोई मुझसे मेरी सेहत के राज में पूछता तो वह जवाब देते कि मैं रोज दो किलो गालियां खाता हूं.’ प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल किया, ‘आप मोदी की कब्र क्यों खोदना चाहते हैं? यह सिर्फ एक नारा नहीं है. यह उनके भीतर छिपी नफरत का प्रतिबिंब है.’

उन्होंने कहा, ‘हम पाकिस्तानी आतंकवादियों को उनके घरों में घुसकर जवाब देते हैं इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदने की बात कर रहे हैं. हमने ऑपरेशन सिंदूर चलाया. इससे उन्हें परेशानी होती है और इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदने की सोच रहे हैं. हम देश को माओवादी आतंक से मुक्त कराने के लिए साहसिक कदम उठा रहे हैं, क्या इसीलिए आप मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं?’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस की समस्या कुछ और है. वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि मोदी यहां तक कैसे पहुंचे. उनकी समस्या बढ़ती जा रही है कि जब वह इस पद पर पहुंच गए तो अब भी क्यों टिके हुए हैं? इसीलिए लगता है कि उनके पास मोदी की कब्र खोदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है.’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के शाही परिवार को देश ने दशकों तक अवसर दिए, लेकिन उन्होंने केवल गरीबी उन्मूलन के नारे लगाए, कुछ नहीं किया.

140 करोड़ नागरिक मेरे रिमोट कंट्रोल हैं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘उनकी सरकार ने 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला, 18,000 ऐसे गांवों में बिजली पहुंचाई जहां कभी बिजली नहीं थी. क्या इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं उनकी (कांग्रेस की) सरकार रिमोट से चलती थी. मेरी सरकार भी रिमोट कंट्रोल से चलती है. 140 करोड़ नागरिक मेरे रिमोट कंट्रोल हैं. 140 करोड़ देशवासियों के सपने, 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाएं. हम देश के युवाओं के संकल्प के लिए जीते हैं. सरकार उनके लिए है. सत्ता हमारे लिए खुशी का रास्ता नहीं है. सत्ता हमारे लिए सेवा का साधन है.’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments