भारत सरकार के 2026-27 के लिए पेश बजट में रक्षा के क्षेत्र में रिकॉर्ड 15 फीसदी की बढ़ोतरी की है. निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी) को पेश किए आम बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए 7.85 लाख करोड़ रुपये के बजट की घोषणा की है. इसमें से 2.19 लाख करोड़ कैपिटल बजट है, जिसमें रिकॉर्ड 22 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. इससे भारतीय सेना के तीनों विंग को और एडवांस किया जाएगा. ऑपरेशन सिंदूर के बाद पिछले साल पाकिस्तान ने भी अपने रक्षा बजट में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की थी.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का रक्षा बजट
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया था. इसके बाद आतंकियों की मदद करने आए पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब देते हुए भारत ने उसके सैन्य ढांचों को नेस्तानाबूत कर दिया था, जिससे आसिम मुनीर की सेना को बड़ा नुकसान हुआ था. इस वजह से पाकिस्तान सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रक्षा बजट को 2.55 ट्रिलियन (2,550 अरब) पाकिस्तानी रुपये आवंटित किए. भारतीय करेंसी में यह 72,850 करोड़ रुपया होता है.
पाकिस्तान से 10 गुणा भारत का रक्षा बजट
दोनों देशों की तुलना करें तो भारत का रक्षा बजट से 10 गुणा से भी अधिक है. भारत सरकार ने डिफेंस के लिए 7,84,678 करोड़ रुपये आवंटित किए, जबकि पिछले साल यह राशि 6,81,210 करोड़ रुपये आवंटित की गई थी. कैपिटल बजट 2,19,306 करोड़ रुपये आंका गया है. राजस्व व्यय (Revenue Expenditure) 5,53,668 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें पेंशन के लिए 1,71,338 करोड़ रुपये शामिल हैं. कैपिटल बजट के तहत विमान और एयरो इंजन के लिए 63,733 करोड़ रुपये अलग से निर्धारित किए गए, जबकि नौसेना बेड़े के लिए 25,023 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
दुनिया से भीख मांग रहा आसिम मुनीर
पाकिस्तान इस समय सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है. उसे अपनी जनता का पेट पालने के लिए आईएमएफ के लोन पर निर्भर रहना पड़ रहा है. शहबाज शरीफ ने तो हाल में ये कबूल किया कि उन्होंने और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने कई देशों से कर्ज मांगने के लिए हाथ तक फैलाए. ऑपरेशन सिंदूर के बाद आनन-फानन में पाकिस्तान शहबाज सरकार ने अपना रक्षा बजट तो बढ़ाया, लेकिन अभी भी वो भारत के सामने बौना नजर आ रहा है.
ये भी पढ़ें : Defense Budget 2026: डिफेंस बजट में दिखा ऑपरेशन सिंदूर का असर, रिकॉर्ड 15% की बढ़ोतरी, जमकर खरीदे जाएंगे राफेल और पनडुब्बियां



