हैदराबाद के बोराबंडा इलाके में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर में सन्नाटा फैला दिया है. यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने शक के चलते अपनी सोती हुई पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी और तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक डरावना स्टेटस अपलोड कर अपना गुनाह कबूल कर लिया.
आरोपी रोड्डे अंजनेयुलु ने अपने स्टेटस में स्पष्ट रूप से लिखा, “मैंने अपने पार्टनर को अपने हाथों से मार डाला.” यह पूरा मामला सोमवार देर रात बोराबंडा के रहमतनगर स्थित उनके घर में घटित हुआ, जहां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सरस्वती और आरोपी अंजनेयुलु का ताल्लुक वानापर्थी जिले से है. दोनों की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और रोजी-रोटी की तलाश में यह दंपति हैदराबाद के राजीव गांधी नगर इलाके में बस गया था. सरस्वती एक हाउस कीपर के रूप में काम करती थी, जबकि अंजनेयुलु कारों के बिजनेस से जुड़ा था. पहले तो दोनों की जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन कुछ समय से पति को अपनी पत्नी पर गहरा शक होने लगा था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था.
हत्या के बाद भागा नहीं आरोपी
सोमवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि अंजनेयुलु ने अपने गुस्से पर काबू खो दिया. जब सरस्वती गहरी नींद में सो रही थी, तभी अंजनेयुलु ने एक भारी पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया. हमला इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि हत्या के बाद वह भागा नहीं, बल्कि उसने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर स्टेटस डाला जिसने पुलिस और पड़ोसियों को झकझोर कर रख दिया.
बोराबंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि आखिर ऐसा क्या कारण था जिसने पति को ये कदम उठाने पर मजबूर कर दिया.
ये भी पढ़ें



