महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे के बयान पर बीजेपी नेता अन्नामलाई ने उन्हें चुनौती दी है कि मुंबई में उन्हें घुसने से रोककर दिखाएं. ये पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ, जब ठाकरे ने मजाक में बीजेपी नेता को रसमलाई कह दिया था और उन्हें मुंबई से जुड़े मुद्दों पर बोलने के अधिकार पर सवाल उठाया था.
चेन्नई में बीजेपी नेता अन्नालाई ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कई धमकियां मिली हैं. कुछ लोगों ने उनके पैर काटने की धमकी दी है. आदित्य और राज ठाकरे मुझे धमकी देने वाले कौन होते हैं?
अन्नामलाई ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे एक किसान के बेटे हैं. उन्होंने मुझे गाली देने के लिए बैठक रखी हैं. मुझे नहीं पता कि मैं इतना महत्वपूर्ण हो गया हूं. कुछ लोगों ने मुझे पैर काटने की धमकी दी है. मैं मुंबई जाऊंगा और कोशिश करके देखो मेरे पैर काटने की. अगर मैं ऐसी धमकियों से डरता तो मैं अपने गांव में ही रहता. अगर मैं कहता हूं कि कामराज भारत के सबसे महान नेताओं में से एक हैं, तो क्या इसका मतलब यह है कि वह अब तमिल नहीं रहे?
अन्नामलाई ने कहा है कि मुंबई एक इंटरनेशनल सिटी है. क्या इसका मतलब यह है कि इसे महाराष्ट्र के लोगों ने नहीं बनाया, क्या ये लोग नासमझ हैं?
क्या है पूरे विवाद की जड़?
दरअसल, राज ठाकरे ने अन्नामलाई के मुंबई को इंटरनेशनल शहर कहने पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने चाचा बाल ठाकरे के 1960 से 1970 के दशक के नारे का जिक्र किया था. बाल ठाकरे ने तब नारा दिया था, हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी.
न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि राज ठाकरे ने एक यूबीटी और एमएनएस रैली में कहा था कि कोई रसमलाई तमिलनाडु से आई, तुम्हारा यहां क्या लेना-देना? हटाओ लुंगी और बजाओ पुंगी.
हिंदी थोपने की बात करेंगे तो लात मारकर भगा देंगे: ठाकरे
उन्होंने साथ ही कहा कि अगर बिहार और यूपी से आए लोग हिंदी थोपने की कोशिश करेंगे तो उन्हें लात मारकर भगा देंगे. यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी तुम्हारी भाषा नहीं है. मुझे भाषा से नफरत नहीं है, लेकिन अगर तुम इसे थोपने की कोशिश करोगो तो मैं तुम्हें लात मारूंगा. वे चारों तरफ से महाराष्ट्र आ रहे हैं. तुम्हारा हिस्सा छीन रहे हैं. अगर जमीन और भाषा चली गई तो तुम खत्म हो जाओगे.
BJP पर नकली हिंदुत्व को लेकर हमला
साथ ही उन्होंने बीजेपी पर नकली हिंदुत्व को लेकर हमला किया. उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनका राजनीतिक मिलन मुंबई पर आने वाले खतरे की वजह से हुआ है. उन्होंने और राज ठाकरे ने मराठी मानुष, हिंदुओं और महाराष्ट्र के हित में अपने मतभेद भुला दिए हैं.
राज ठाकरे ने कहा कि दोनों नेता इसलिए साथ आए हैं, क्योंकि मुंबई खतरे में है. बीएमसी चुनाव को उन्होंने मराठी मानुष को लेकर आखिरी चुनाव बताया. राज ठाकरे ने अपील की है कि अगर आप यह मौका चूक गए तो आप खत्म हो जाएंगे. मराठी और महाराष्ट्र एकजुट हो जाओ.
कब हैं नगर निगम के चुनाव?
महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने राज्यभर में 29 नगर निगमों के चुनावों की घोषणा की है. इसमें पुणे नगर निगम, बृहन्मुंबई नगर निगम और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम शामिल हैं. वोटिंग 15 जनवरी को होगी. वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी.



