कांग्रेस की संसदीय दल की चेयरपर्सन और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को रविवार (11 जनवरी, 2026) की शाम पांच बजे सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. दरअसल, ठंड और प्रदूषण के कारण ब्रोंकियल अस्थमा से जुड़े लक्षण बढ़ने पर उन्हें पिछले हफ्ते सोमवार (5 जनवरी, 2026) को भर्ती कराया गया था.
सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने कहा कि डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद सोनिया गांधी की सेहत में तेजी से सुधार हुआ है. वह इलाज पर अच्छी तरह प्रतिक्रिया दे रही थीं और अब आगे का उपचार उनके आवास पर जारी रहेगा.
Congress parliamentary party chairperson Sonia Gandhi has been discharged from the hospital.
She was admitted to Sir Ganga Ram Hospital on 5th January 2026 for exacerbation of bronchial asthma due to chest infection. She has responded well to treatment with a good recovery. She… pic.twitter.com/AiDthOeEQz
— ANI (@ANI) January 11, 2026
सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में किया गया भर्ती
सोनिया गांधी को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद 5 जनवरी, 2026 को रात करीब 10 बजे नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों का कहना था कि प्रदूषण और ठंडे मौसम के कारण सांस लेने में दिक्कत होने की वजह से उनकी स्थिति में गिरावट देखने को मिली थी. डॉक्टरों ने अपनी जांच में पाया कि उनका ब्रोंकियल अस्थमा हल्का बढ़ गया था.
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने कहा कि छाती में इंफेक्शन के कारण उनका इलाज सीनियर कंसल्टेंट चेस्ट मेडिसिन डॉ. अरूप बसु की देखरेख में चल रहा था. उन्हें एंटीबायोटिक्स और कई सपोर्टिव दवाएं दी जा रही थीं. इलाज के दो दिन बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई थी. इसके बावजूद डॉक्टर उन पर लगातार नजर रखे हुए थे.
पहले भी इलाज के लिए भर्ती हो चुकीं है सोनिया गांधी
79 वर्षीय कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को खांसी की पुरानी समस्या है. ऐसे में वह रेगुलर डॉक्टर के पास चेक-अप के लिए जाती रहती हैं. इससे पहले सोनिया गांधी की 7 जून, 2025 को भी हिमाचल प्रदेश के दौरे के दौरान तबीयत खराब हो गई थी. उस वक्त शिमला में अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर रह रहीं थीं. हालांकि, तबीयत खराब होने के बाद उन्हें शिमला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके बाद शिमला से दिल्ली लौटने के बाद उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था.



