कर्नाटक सरकार ने कांग्रेस पार्टी के अखबार नेशनल हेराल्ड को कथित तौर पर किसी भी अन्य राष्ट्रीय दैनिक अखबार की तुलना में ज्यादा विज्ञापन दिया. इस जानकारी के सामने आने के बाद विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर जनता के पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया है.
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, राज्य सरकार के विज्ञापन बजट से नेशनल हेराल्ड को कथित तौर पर करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले लगातार दो सालों में कर्नाटक में नेशनल अखबारों के विज्ञापन खर्च में सरकार ने सबसे ज्यादा पैसा नेशनल हेराल्ड को दिया.
आंकड़ों में सामने आए लाखों-करोड़ों की राशि
आंकड़ों के मुताबिक, कर्नाटक सरकार ने साल 2023-24 में नेशनल हेराल्ड को करीब 1 करोड़ 90 लाख का विज्ञापन दिया, जबकि साल 2024-25 में ये राशि 99 लाख रुपये की थी. साल 2024-25 में कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय दैनिक अखबारों में विज्ञापन पर कुल 1 करोड़ 42 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसका करीब 69 परसेंट हिस्सा नेशनल हेराल्ड के खाते में गया.
केंद्रीय मंत्री ने नेहरू-गांधी को रिश्वत देने का लगाया आरोप
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार (8 जनवरी, 2026) को आरोप लगाया किया कि कांग्रेस सरकार ने सरकारी विज्ञापनों के माध्यम से नेशनल हेराल्ड अखबार को करदाताओं का पैसा देकर नेहरू-गांधी परिवार को रिश्वत दी. उन्होंने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने देश के किसी भी स्थापित समाचार पत्र या पत्रिका की तुलना में नेशनल हेराल्ड अखबार को कहीं अधिक विज्ञापन राजस्व दिया है. यह अपने आप में एक घोटाला है.
उन्होंने कहा, ‘इस अखबार के तथाकथित मालिक सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस घोटाले के सिलसिले में जमानत पर बाहर हैं. इसके बावजूद, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने 2023-24 में दो करोड़ रुपये और 2024-25 में एक करोड़ रुपये दिए. हमें नहीं पता कि उन्होंने इस साल कितना दिया.’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘इसका मतलब है कि घोटालों में फंसे जो लोग जमानत पर हैं, उनके लिए कर्नाटक सरकार इतनी बड़ी रकम चुका रही है. इसका मतलब है कि यह एक तरह से नकली गांधी परिवार को रिश्वत देना है.’
यह भी पढ़ेंः ‘BJP मतलब ब्रिटिशर्स जनता पार्टी’, रेवंत रेड्डी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला, संविधान पर बताया खतरा



